प्रिंस खान गैंग संकट में: धनबाद पुलिस के एक्शन के बाद अब NIA भी नेटवर्क खंगालने में जुटी 

गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ चौतरफा घेराबंदी शुरू हो गई है. धनबाद पुलिस उसके नेटवर्क को लगभग तोड़ चुकी है. हाल के सालो में पांच एनकाउंटर में सात गैंग्स के लोग पुलिस की गोली के शिकार हुए है. 24 घंटे प्रिंस खान गैंग के संभावित लड़कों की मॉनिटरिंग की जा रही है.

प्रिंस खान गैंग संकट में: धनबाद पुलिस के एक्शन के बाद अब NIA भी नेटवर्क खंगालने में जुटी

धनबाद(DHANBAD):  गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ चौतरफा घेराबंदी शुरू हो गई है.  धनबाद पुलिस उसके नेटवर्क को लगभग तोड़ चुकी है. हाल के सालो में पांच एनकाउंटर में सात गैंग्स के लोग पुलिस की गोली के शिकार हुए है.  24 घंटे प्रिंस खान गैंग के संभावित लड़कों की मॉनिटरिंग की जा रही है.  उनके बारे में अद्यतन जानकारी जुटाई जा  रही है.  अब तो NIA भी सक्रिय हो गई है.  बताया जाता है कि एनआईए की टीम धनबाद पहुंचकर प्रिंस खान गैंग के आपराधिक  इतिहास और उसके नेटवर्क की जानकारी हासिल की है. 

 सूत्रो के अनुसार वासेपुर में प्रिंस खान के कथित गुर्गो  और उनके आपराधिक नेटवर्क पर भी फोकस किया जा रहा है.  स्थानीय संपर्को  और गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भी जुटाई  जा रही है.  साथ ही  प्रिंस खान के पूर्व में संपर्क में रहे लोगों और कथित सहयोगियों की भूमिका की भी  जांच के दायरे में रखा गया है.  एजेंसी अभी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गैंग्स के  नेटवर्क का विस्तार कहां तक है और क्या इसके तार किसी आतंकी  संगठन या अन्य आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हैं?

 शुक्रवार को ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने कहा कि प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों और गतिविधियों का पता लगाकर कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि प्रिंस खान से जुड़े मामले की जांच के लिए NIA की टीम धनबाद पहुंची थी और धनबाद पुलिस एजेंसी के साथ मिलकर जांच एवं कार्रवाई में सहयोग कर रही है.उन्होंने स्पष्ट कहा कि रंगदारी मांगने, कारोबारियों को धमकाने या इलाके में भय का माहौल बनाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.ऐसे मामलों में पुलिस किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी.