Prince Khan Gang : बरवाअड्डा के जमीन कारोबारी से पांच लाख वसूलने आये थे गैंग के अपराधी, पुलिस से हो गया सामना
धनबाद के बरवाअड्डा में पुलिस और प्रिंस खान गैंग के गुर्गों के बीच मुठभेड़ में दो अपराधी घायल हो गए. पुलिस के मुताबिक, दोनों पांच लाख रुपये की रंगदारी वसूलने पहुंचे थे. एक अन्य आरोपी फरार है.
धनबाद (DHANBAD): बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल गैंगस्टर प्रिंस खान के दोनों गुर्गों को इलाज के लिए SNMMCH में भर्ती कराया गया है. एसएसपी प्रभात कुमार मंगलवार को अस्पताल पहुंचे, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से अपराधियों से पूछताछ नहीं हो सकी, एसएसपी ने बताया कि बरवाअड्डा के एक जमीन कारोबारी को लगातार धमकी मिल रही थी. यह धमकी प्रिंस खान का भाई गोपी खान दे रहा था. पांच लाख रंगदारी की मांग की जा रही थी.
इसी पैसे को उठाने के लिए एक बाइक पर सवार होकर तीन अपराधी बरवाअड्डा पहुंचे थे. पुलिस को इसकी भनक लग गई थी. पुलिस इनके पीछे पड़ी हुई थी. फिर देर रात को अपराधियों से पुलिस का सामना हो गया. उसके बाद अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की. जिसमें दो के पैर में गोली लगी है. एक वासेपुर का रहने वाला इरफान अंसारी है जबकि दूसरा पुटकी का रहने वाला नजीर अंसारी है. एसएसपी ने यह भी बताया कि फरार अपराधियों का तीसरा साथी भी पुटकी का रहने वाला है.
पुलिस की एक टीम उसे पकड़ने में लगी हुई है. बहुत जल्द वह भी पकड़ में आ जाएगा. बता दें कि सोमवार की देर रात बरवा अड्डा थाना क्षेत्र के निरंकारी चौक पर पुलिस और प्रिंस खान गैंग के लोगों के साथ मुठभेड़ हो गई थी. इस मुठभेड़ में दो अपराधी घायल हुए ,जिनके पैर में गोली लगी है. जबकि तीसरा भागने में सफल रहा. धनबाद पुलिस की प्रिंस खान गैंग के साथ यह पांचवी मुठभेड़ थी. अब तक धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान गैंग के सात लोगों को घायल कर गिरफ्तार किया है.