धनबाद: धनबाद के खेल में "खेला "करने की तैयारी है. धनबाद क्रिकेट संघ के नाराज गुट को मेयर संजीव सिंह का साथ मिला तो वह और अधिक सक्रिय हो गया है. अब विवाद पूरी तरह से सड़क पर आ गया है. 217 सदस्यों वाले धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए)में दावा किया गया है कि 131 सदस्य नाराज हैं.
131 सदस्यों ने मैनेजिंग कमेटी को भंग करने के लिए अपना संयुक्त हस्ताक्षर युक्त नोटिस संघ को भेजा है. इसकी अगुवाई अवधेश सिंह कर रहे हैं. डी सी ए के सदस्य अवधेश सिंह ने धनबाद क्रिकेट संघ के महासचिव को नोटिस भेज कर मैनेजिंग कमेटी को भंग करने के लिए स्पेशल जनरल मीटिंग बुलाने की मांग की है. इस पत्र की प्रतिलिपि झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन और आईजी रजिस्ट्रेशन को भी भेजी गई है.
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों नाराज गुट ने बैठक की थी. जिसमें मेयर संजीव सिंह ने धनबाद क्रिकेट संघ के खिलाफ निशाना साधा था. अवधेश सिंह ने आरोप लगाया है कि धनबाद क्रिकेट संघ का कामकाज सही ढंग से नहीं चल रहा है. जिससे सदस्यों का भरोसा टूट गया है. वित्तीय गड़बड़ी का भी आरोप लगाया गया है.
नोटिस में लिखा गया है कि बोर्ड आफ ट्रस्टीज को बोर्ड ऑफ एडवाइजर्स में बदलकर उसके अधिकार को कम कर संस्थागत नियंत्रण और संतुलन को कमजोर किया गया है.
इधर, धनबाद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज सिंह का कहना है कि अभी तक नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है. नोटिस मिलने पर जांच कराई जाएगी कि सदस्यों द्वारा हस्ताक्षर युक्त नोटिस सही है या नहीं. नोटिस मिलने पर धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन बायलॉज के आधार पर निर्णय लिया जाएगा.

