धनबाद के कतरास में लिलौरी स्थान के पुजारी का मर्डर,जांच में जुटी पुलिस

कतरास के आमटांड़ में एक व्यक्ति की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान मुन्ना पांडेय (50-55 वर्ष) के रूप में हुई है

धनबाद के कतरास में लिलौरी स्थान के पुजारी का मर्डर,जांच में जुटी पुलिस

धनबाद(DHANBAD): कतरास के आमटांड़ में एक व्यक्ति की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान मुन्ना पांडेय (50-55 वर्ष) के रूप में हुई है. उनका शव घर के अंदर मिला. शुरुआती जांच में गला घोंटने और चाकू से वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही कतरास थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. बाघमारा एसडीपीओ अजित कुमार विमल ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, मुन्ना पांडेय लिलोरी स्थान में रहकर पुरोहित का काम करते थे. वह आमटांड़ स्थित अपने घर में अकेले रहते थे. उनकी हत्या किसने और किस वजह से की, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है. बाघमारा एसडीपीओ अजित कुमार विमल ने बताया कि आमटांड़ में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतक की पहचान मुन्ना पांडेय के रूप में हुई. शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वजह और आरोपियों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी.