दो बेटियों की मां का 25 साल की युवती पर आया दिल, घर छोड़ा तो थाने तक पहुंचा मामला
धनबाद के झरिया में 40 वर्षीय विवाहिता और 25 वर्षीय युवती के समलैंगिक प्रेम संबंध का मामला सामने आया है. दोनों साथ रहने की जिद पर अड़ी हैं, जबकि पुलिस कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है.
धनबाद (DHANBAD): आज के समाज में प्रेम संबंधों के बदलते रूप की खबर देखने सुनने को मिलती ही रहती है. इसी बीच जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. दरअसल, झरिया थाना क्षेत्र में 40 वर्षीय विवाहिता और 25 वर्षीय अविवाहित युवती के बीच समलैंगिक प्रेम संबंध का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाई हैं और किसी भी कीमत पर अलग होने को तैयार नहीं हैं. यहां तक कि थाने में महिला की दोनों नाबालिग बेटियां मां से घर लौटने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन महिला ने उनके साथ जाने से इनकार कर दिया. इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
जानकारी के अनुसार, मानबाद निवासी ज्योतिषी तरुण शर्मा की पत्नी रितु शर्मा और बकरीहाट निवासी निशा पासवान की मुलाकात वर्ष 2025 में धर्मशाला रोड स्थित एक जिम में हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती गहरी होती गई और यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया. दोनों के बीच लगातार बातचीत, वीडियो कॉल और एक-दूसरे के घर आने-जाने का सिलसिला शुरू हो गया. इसी दौरान रितु और उनके पति के बीच घरेलू विवाद बढ़ने लगे और मामला तलाक तक पहुंच गया. जब दोनों परिवारों को उनके रिश्ते की जानकारी मिली तो निगरानी बढ़ा दी गई, लेकिन इसके बावजूद दोनों घर छोड़कर साथ रहने लगीं.
इस दौरान मंगलवार को दोनों अपने-अपने घरों से निकल गईं, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की. मोबाइल लोकेशन के आधार पर बरवाअड्डा थाना क्षेत्र से दोनों को बरामद कर झरिया थाना लाया गया. थाने में दोनों परिवारों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने साफ कहा कि वे बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ रहना चाहती हैं. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के परिजनों की मौजूदगी में मामले की जांच कर रही है और कानूनी पहलुओं पर भी विचार किया जा रहा है.