विधायक जयराम महतो की अग्रिम जमानत याचिका MP-MLA कोर्ट हुई ट्रांसफर, कल हो सकती है सुनवाई
धनबाद में विधायक जयराम महतो की अग्रिम जमानत याचिका MP-MLA कोर्ट ट्रांसफर हो गई है. मामले में मंगलवार को सुनवाई होने की संभावना है.
धनबाद में विधायक जयराम महतो की अग्रिम जमानत याचिका MP-MLA कोर्ट ट्रांसफर हो गई है. मामले में मंगलवार को सुनवाई होने की संभावना है.
धनबाद (DHANBAD): विधायक जयराम महतो सहित अन्य की प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने अग्रिम जमानत अर्जी को सुनवाई के लिए एमपी-एमएलए कोर्ट के विशेष न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया है. वरीय अधिवक्ता शाहनवाज ने बताया कि जमानत अर्जी पर मंगलवार को सुनवाई होगी.
थाना प्रभारी रवि कुमार के बयान पर 22 अगस्त 26 को बरवाअड्डा थाना में विधायक जयराम महतो, सुशील मंडल, दिलीप चौधरी, राजकुमार मंडल, जितेंद्र हजारी, अजय दास, गोलक कुमार महतो, महेंद्र साव, रंजीत कुमार साव, राजेश महतो और त्रिपुरारी पांडेय सहित अन्य के विरूद्ध बरवड्डा थाना कांड संख्या 146/26 दर्ज किया गया था. प्राथमिकी में आरोप है कि गणेश दास को एक मामले में गिरफ्तार कर बरवाअड्डा थाना की हाजत में रखा गया था.
उसकी गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद विधायक जयराम महतो करीब 40-50 समर्थकों के साथ थाना पहुंचे. आरोप है कि विधायक ने पुलिस पदाधिकारियों से अभद्र व्यवहार किया और अपने समर्थकों से हाजत में बंद गणेश दास को बाहर निकालने के लिए कहा. थाना प्रभारी के बयान पर विधायक जयराम महतो सहित अन्य पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. इसके पहले मुखिया के बेटे की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ था. विधायक की शिकायत पर भी एक मामला दर्ज हुआ है.