शिबू सोरेन की कर्म भूमि के CHC में नवजात की मौत पर भारी बवाल, इलाज में लापरवाही और एंबुलेंस नहीं मिलने का आरोप
शिबू सोरेन की कर्मभूमि धनबाद के टुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है.
शिबू सोरेन की कर्मभूमि धनबाद के टुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है.
धनबाद (DHANBAD):शिबू सोरेन की कर्मभूमि धनबाद के टुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है.यहां एक नवजात बच्ची की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. परिवार का आरोप है कि समय पर बेहतर इलाज और रेफर करने की व्यवस्था नहीं मिली. इतना ही नहीं, गंभीर हालत में बच्ची को धनबाद ले जाने के लिए अस्पताल ने एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं कराई. घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने करीब पांच घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया.दरअसल, घटना 12 नवंबर की है. टुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुबह 7 बजकर 24 मिनट पर करीना कुमारी ने एक बच्ची को जन्म दिया.जन्म के कुछ देर बाद ही नवजात की तबीयत बिगड़ने लगी. बच्ची के पिता नीरज कुमार सिंह और दादी लक्ष्मी देवी ने डॉक्टरों एवं नर्सों से लगातार इलाज और बेहतर अस्पताल में रेफर करने की गुहार लगाई. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल कर्मी काफी देर तक बच्ची की हालत सामान्य बताते रहे.
दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक बच्ची की स्थिति गंभीर बताते हुए उसे धनबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.आरोप है कि जब परिजनों ने स्वास्थ्य प्रभारी डॉ. अशोक कुमार से एंबुलेंस मांगी, तो उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई.
इसके बाद परिवार निजी वाहन से बच्ची को सदर अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।बच्ची की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ गिरिडीह-गोविंदपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया.करीब पांच घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद BDO विशाल कुमार पांडेय और स्वास्थ्य प्रभारी मौके पर पहुंचे.प्रशासन ने परिजनों की मांगों पर लिखित सहमति दी. इसमें लापरवाही के आरोपी डॉक्टर और नर्स पर कार्रवाई, CHC में 24 घंटे डॉक्टर-नर्स की तैनाती, एंबुलेंस और जरूरी दवाओं की उपलब्धता तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली में सुधार का आश्वासन शामिल है.फिलहाल लिखित आश्वासन के बाद सड़क जाम समाप्त हो गया है. लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या समय पर इलाज और एंबुलेंस मिल जाती तो नवजात की जान बच सकती थी? अब सबकी नजर प्रशासन की कार्रवाई और टुंडी की स्वास्थ्य व्यवस्था में होने वाले सुधार पर है.