धनबाद में ED का बड़ा एक्शन: कोयला कारोबारियों की 160 करोड़ से अधिक की संपत्ति फ्रीज

धनबाद में  ED का बड़ा एक्शन: कोयला कारोबारियों की 160 करोड़ से अधिक की संपत्ति फ्रीज

धनबाद (DHANBAD): झारखंड के धनबाद में कोयला कारोबारियों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की बड़ी कार्रवाई में करोड़ों रुपये के निवेश और संपत्तियों का खुलासा हुआ है. एजेंसी ने छापेमारी के दौरान 160 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की वित्तीय संपत्तियों को फ्रीज कर दिया है. इनमें म्यूचुअल फंड और विभिन्न वित्तीय संस्थानों में किए गए निवेश शामिल हैं. इसके अलावा, जांच के दौरान 200 से अधिक सेल डीड भी बरामद हुए हैं, जिनमें जमीन, मकान, फ्लैट और अन्य अचल संपत्तियों का विवरण दर्ज है. शुरुआती आकलन के मुताबिक इन अचल संपत्तियों की कुल कीमत 200 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है.

ईडी ने 28 जुलाई की सुबह करीब 6:30 बजे धनबाद में कोयला कारोबारियों और उनसे जुड़े चार्टर्ड अकाउंटेंट डी.एन. सिन्हा के कुल 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की थी. देर रात तक चली इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को चल और अचल संपत्तियों में किए गए निवेश से जुड़े बड़ी संख्या में दस्तावेज मिले, जिनके आधार पर अब जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.

जांच के दौरान जिन वित्तीय निवेशों का पता चला, उनमें म्यूचुअल फंड समेत विभिन्न संस्थानों में जमा बड़ी रकम शामिल है. ईडी ने इन निवेशों को तत्काल प्रभाव से फ्रीज करते हुए संबंधित वित्तीय संस्थानों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जांच पूरी होने तक इन संपत्तियों की खरीद-बिक्री या हस्तांतरण की अनुमति नहीं दी जाए.

छापेमारी के दौरान बरामद 200 से ज्यादा सेल डीड की भी विस्तृत जांच की जा रही है. इन दस्तावेजों में जमीन, मकान, फ्लैट और अन्य अचल संपत्तियों का रिकॉर्ड मौजूद है. शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि इनमें से कई संपत्तियां सीधे संबंधित कारोबारियों के नाम पर नहीं, बल्कि अन्य लोगों के नाम से खरीदी गई हैं. यदि यह तथ्य सही पाया जाता है, तो इन्हें बेनामी संपत्ति की श्रेणी में रखा जा सकता है.

ईडी ने कार्रवाई के दौरान कई मोबाइल फोन, लैपटॉप और कंप्यूटर भी जब्त किए हैं. जांच एजेंसी अब इन डिजिटल उपकरणों से हटाए गए (डिलीट) डेटा को पुनः प्राप्त कराने के लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद ले रही है. आने वाले दिनों में डेटा रिकवर होने के बाद उसके विश्लेषण से निवेश, लेन-देन और संपत्तियों से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है. अब तक सबसे अधिक दस्तावेज कोयला कारोबारी एल.बी. सिंह से जुड़े ठिकानों से बरामद हुए हैं. ईडी इन दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को जोड़कर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है. आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है.