धनबाद रेलवे स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, ट्रेन से 130 लीटर अवैध शराब और बीयर बरामद
धनबाद रेलवे स्टेशन पर RPF ने ट्रेन के जनरल कोच से करीब 130 लीटर अवैध शराब और बीयर बरामद की. शराब की कीमत करीब 38,160 रुपये बताई गई है.
धनबाद रेलवे स्टेशन पर RPF ने ट्रेन के जनरल कोच से करीब 130 लीटर अवैध शराब और बीयर बरामद की. शराब की कीमत करीब 38,160 रुपये बताई गई है.
धनबाद(DHANBAD): धनबाद रेलवे स्टेशन पर बुधवार को रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF की स्पेशल टास्क टीम ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में शराब और बीयर बरामद की. टीम ने ट्रेन संख्या 13051 के जनरल कोच से छह बैग और दो थैले जब्त किए. इनमें करीब 130 लीटर केन बीयर और अंग्रेजी शराब मिली. जब्त शराब की अंकित कीमत करीब 38,160 रुपये बताई गई है.
संदिग्ध बैग और थैलों से हुआ खुलासा
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, धनबाद के निर्देश पर अपराध और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए RPF की स्पेशल टास्क टीम बनाई गई थी. निरीक्षक प्रभारी धनबाद के नेतृत्व में टीम बुधवार को स्टेशन पर गश्त कर रही थी. इसी दौरान ट्रेन संख्या 13051 प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंची. ट्रेन के पीछे वाले जनरल कोच की जांच के दौरान जवानों को एक जगह छह बैग और दो थैले लावारिस हालत में पड़े मिले. टीम ने कोच में मौजूद यात्रियों से इनके बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी सामान पर अपना दावा नहीं किया.
इसके बाद RPF जवानों ने सभी बैग और थैलों को खोलकर जांच की. तलाशी के दौरान इनमें बड़ी मात्रा में केन बीयर और अंग्रेजी शराब मिली. बरामद सामान को प्लेटफॉर्म नंबर 3 के हावड़ा छोर पर उतारकर गवाहों की मौजूदगी में जांच की गई. जांच में कुल करीब 130 लीटर शराब और बीयर बरामद हुई. RPF के अनुसार, जब्त शराब और बीयर की बोतलों तथा केन पर "FOR SALE IN WB ONLY" लिखा हुआ था. इसे प्रतिबंधित सामग्री मानते हुए RPF ने पूरा सामान जब्त कर लिया और धनबाद पोस्ट ले आई. मामले में उप निरीक्षक प्रवीण कुमार की ओर से लिखित शिकायत तैयार की गई है. जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए धनबाद उत्पाद विभाग को सौंपा जाएगा.