धनबाद के शिक्षा विभाग में बड़ा खेल: अब शिक्षक और विभाग आमने -सामने, DSE के ट्रांसफर आर्डर को नहीं मान रहे टीचर?
धनबाद का शिक्षा विभाग पूरी तरह से अब निशाने पर आ गया है. एमडीएम के भुगतान का मामला हो अथवा ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षकों की प्रति नियुक्ति का, विभाग पूरी तरह से सवालों के घेरे में हैं.
धनबाद(DHANBAD): धनबाद का शिक्षा विभाग पूरी तरह से अब निशाने पर आ गया है. एमडीएम के भुगतान का मामला हो अथवा ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षकों की प्रति नियुक्ति का, विभाग पूरी तरह से सवालों के घेरे में हैं. हालांकि पूर्व डीएससी के कार्यकाल में हुए कथित अनियमितता को सुधारने की लगातार कोशिश की जा रही है, लेकिन गड़बड़ियों की फेहरिश्त बहुत लंबी है. आपको याद होगा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति को लेकर निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने भूख हड़ताल की थी. उनका आरोप था कि शहरी क्षेत्र में छात्रों की संख्या के अनुपात से अधिक छात्रों की पोस्टिंग की गई है , जबकि ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल, शिक्षक के अभाव में बंदी के कगार पर पहुंच गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया था कि पूर्व डीएसई गलत ढंग से शिक्षकों की पोस्टिंग शहरी क्षेत्र में की है. . इसके बाद आनन् -फानन में 91 शिक्षक- शिक्षिकाओं को पूर्व पदस्थापित स्कूल में समंजन कर दिया गया था.
जिला शिक्षा अधीक्षक के आदेश के बावजूद कार्यभार ग्रहण नहीं
लेकिन जिला शिक्षा अधीक्षक के आदेश के बावजूद सूचना है कि समंजित शिक्षण अपने पूर्व पदस्थापित विद्यालय में योगदान नहीं किए हैं. सूत्र बता रहे हैं कि जिला शिक्षा अधीक्षक ने 18 नवंबर 26 को एक कड़ा पत्र कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले शिक्षकों को जारी किया है. पत्र का मजमून है कि कार्यालय ज्ञापन 2652 दिनांक 3 नवंबर 26 के संबंध में अंकित करना है कि दिनांक 9. 10. 26 को संपन्न जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में जिले के 91 शिक्षक- शिक्षिकाओं का पूर्व पदस्थापित विद्यालय में समंजन कर दिनांक 5.11.26 तक अनिवार्य रूप से योगदान करने के लिए निर्देशित किया गया था. परंतु सूची में अंकित सभी शिक्षक- शिक्षिकाओं के द्वारा संबंधित विद्यालय में योगदान नहीं किया गया है. जो खेदजनक है.
सेवा में टूट तक की दी गई है चेतावनी
आप सभी को निर्देश दिया जाता है कि समंजित विद्यालय में योगदान से संबंधित सूचना से अधोहस्ताक्षरी को अवगत कराएंगे अन्यथा संबंधित विद्यालय में आपके द्वारा योगदान नहीं करने की स्थिति में आपकी सेवा में टूट एवं उच्च अधिकारी के आदेश की अवहेलना के संबंध में अग्रतर कार्रवाई करना बाध्यता होगी। इस बीच यह भी चर्चा है कि प्रभावित शिक्षक अब न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की तैयारी में हैं. वह 3 नवंबर को जारी स्थानांतरित सूची का विरोध कर रहे हैं. इधर, एमडीएम को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं. एमडीएम के पुराने लंबित विपत्रों का भुगतान लंबित है. इस वजह से बच्चों के एमडीएम पर संकट उत्पन्न हो गया है.
अशोक सिंह ने एमडीएम के पेंडिंग भुगतान का मामला उठाया है
इस मामले को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अशोक कुमार सिंह ने सवाल उठाया है. उनका कहना है कि विभाग पत्र जारी कर विपत्र के साथ जीएसटी बिल मांग रहा है, जबकि सरकार का नियम है कि सालाना 40 लाख तक के कारोबार करने वाले को ही जीएसटी नंबर की आवश्यकता है. तो ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र के दुकानदार कहां से जीएसटी विपत्र दे पाएंगे? उन्होंने इसे विभाग का तुगलकी फरमान बताया है और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है.