धनबाद(DHANBAD): जिले में बढ़ते अपराध और चोरी मामले से लोग परेशान है लेकिन अब उनके लिए राहत की खबर है. पुलिस ने एक संगठित वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान चोरी की 13 मोटरसाइकिलें और बाइक चोरी में इस्तेमाल होने वाले सामान बरामद किए गए हैं.
मामला निरसा अनुमंडल के कालूबथान ओपी क्षेत्र से जुड़ा है, जहां 19 जून को एक मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत दर्ज की गई थी. मामले की गंभीरता से हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर में एक विशेष टीम का गठन किया गया. जिसके बाद टीम ने जांच और गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाया.
21 जून को पुलिस ने नयाडांगा काली मंदिर मैदान के पास छापेमारी कर पांच संदिग्धों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमित कुमार चौहान, मनीष कुमार दुबे, सूरज हेम्ब्रम, चंदन कुमार और राजकुमार के रूप में हुई है. सभी आरोपी निरसा थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं.
पुलिस के मुताबिक, गिरोह सुनसान स्थानों और बाजार क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करता था. चोरी के बाद बाइक की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट तोड़ दी जाती थी, चेसिस नंबर मिटा दिया जाता था और कई मामलों में गाड़ी का रंग भी बदल दिया जाता था. इसके बाद बाइक को दूसरे इलाकों में बेच दिया जाता था. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग जगहों से चोरी की गई 13 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. साथ ही बाइक का लॉक तोड़ने और उसे स्टार्ट करने में इस्तेमाल होने वाला सामान भी जब्त किया गया है.
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अपराधियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. इनके खिलाफ धनबाद और पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के कई थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.
रिपोर्ट- नीरज कुमार

