अब झरिया के लोदना में जमीन फटी तो निकला जहरीला धुआं, आग की लपटों ने बढ़ाई दहशत
धनबाद के लोदना इलाके में बरारी 6 नंबर बस्ती में गुरुवार को तेज आवाज के साथ जमीन फट गई. जमीन फटने के बाद बस्ती के हिस्से में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई. कुछ ही देर में इन दरारों से जहरीला धुआं निकलने लगा.
धनबाद(DHANBAD) | धनबाद के लोदना इलाके में बरारी 6 नंबर बस्ती में गुरुवार को तेज आवाज के साथ जमीन फट गई. जमीन फटने के बाद बस्ती के हिस्से में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई. कुछ ही देर में इन दरारों से जहरीला धुआं निकलने लगा. फिर आग की लपटे भी दिखाई देने लगी. अचानक इस घटना के बाद लोगों में भय व्याप्त हो गया.
आशंका व्यक्त की जा रही है कि आग और जहरीली गैस का खतरा बढ़ सकता है. जिस स्थान पर जमीन धंसी है, वहां से लक्ष्मी कॉलोनी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क कुछ ही दूरी पर स्थित है. स्थानीय लोग परेशान है कि अगर जमीन के धंसने का दायरा बढ़ा तो सड़क भी इसकी चपेट में आ सकती है. फिर आवागमन प्रभावित हो सकता है. लोगों ने इस घटना के लिए अवैध कोयला खनन और कोयला चोरी के लिए बनाई गई सुरंग को जिम्मेवार बताया है. सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची है. लोगों को टीम ने भरोसा दिया है की सुरक्षा के उपाय किए जाएंगें।
घटना की सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और धंसे हुए इलाके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने का भरोसा दिया और प्रभावित हिस्से में मिट्टी भरने की बात कही है. हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल मिट्टी भरने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा।उनका कहना है कि पहले जमीन के नीचे लगी आग, जहरीली गैस और बनी हुई खाली जगह की स्थिति की जांच जरूरी है. लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से प्रभावित क्षेत्र की तत्काल निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और जमीन के नीचे की स्थिति की जांच कराने की मांग की है.