धनबाद में कैसे पकड़ाया झारखंड का सबसे बड़ा 'नटवरलाल'! पुलिस को भी दिखाता था अकड़ लेकिन अब जाएगा जेल
धनबाद पुलिस ने सरकारी विभागों में नौकरी और पदोन्नति दिलाने के नाम पर कथित लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में बैंक मोड़ निवासी पंकज गुप्ता को हिरासत में लिया है.
धनबाद (DHANBAD): धनबाद में झारखंड का "नटवरलाल" पकड़ में आया है. वह प्रदेश का बड़ा ठग बताया गया है. उसके ठगी का तरीका कुख्यात "नटवरलाल" से तनिक कम नहीं है. सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव के मुताबिक इसके खिलाफ पलामू तक में ठगी के मामले दर्ज है. फिलहाल वह पुलिस के हिरासत में है. अब उसकी अकड़ खत्म हो गई है. खास बात यह है कि ठग के परिवार वाले भी उससे परेशान थे. पिता ने मीडिया के सामने आकर कहा है कि उस पर जो भी आरोप लगाए गए हैं, वह बिल्कुल सही हैं. मैंने बार-बार उसे मना किया, यह काम मत करो लेकिन वह नहीं माना और अब वह पुलिस की पकड़ में है.
धनबाद के बैंक मोड़ का रहने वाला है ठग पंकज गुप्ता
बतया गया है कि सरकारी विभागों में नौकरी और पदोन्नति दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में धनबाद सदर थाना की पुलिस ने बैंक मोड़ निवासी पंकज गुप्ता (28) को हिरासत में लिया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ धनबाद, झरिया, बैंक मोड़ और पलामू समेत कई थानों में ठगी से संबंधित मामले दर्ज हैं. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है. सिटी एसपी ने बतया कि उसे कांड दर्ज कर जेल भेजा जाएगा, पीड़ितों के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा दिया. इसके बदले किसी से 20 लाख, किसी से 15 लाख, 10 लाख और 6 लाख रुपये तक लिए गए.
फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर भी वसूले पैसे, काफी समय से कर रहा था ठगी
कुछ लोगों को कथित तौर पर जाली ज्वाइनिंग लेटर भी दिए गए. बाद में जब इन दस्तावेजों की जांच कराई गई तो उनके फर्जी होने की जानकारी सामने आई. पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से कई जिलों के लोगों से ठगी कर रहा था. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा शिकायतकर्ताओं के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज कराने की बात सामने आई है. पुलिस आरोपी के भाई की भूमिका की भी जांच कर रही है. आरोपी के पिता उदय कुमार गुप्ता ने भी बेटे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि उन्होंने बेटे के ठगी के काम का विरोध किया था. आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई. सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि पंकज गुप्ता के खिलाफ कई लोगों ने आवेदन दिया है. पुलिस सभी शिकायतों की जांच कर रही है. जांच के बाद आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी.