झारखंड के श्रम मंत्री संजय यादव की बढ़ सकती है मुश्किलें,पढ़िए बिहार के बांका कोर्ट में किस मामले में हुआ आरोप गठन

झारखंड के श्रम मंत्री संजय यादव की बढ़ सकती है मुश्किलें,पढ़िए बिहार के बांका कोर्ट में किस मामले में हुआ आरोप गठन

धनबाद: झारखंड के एक मंत्री के खिलाफ बिहार के बांका कोर्ट में आरोप गठित किया गया है. अवैध बालू भंडारण मामले में झारखंड के श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय यादव के खिलाफ सोमवार को बिहार के बांका कोर्ट में आरोप गठित किया गया. अब मामले की सुनवाई के लिए अदालत की ओर से तिथि तय की जाएगी. 

जानकारी के अनुसार संजय यादव लगभग 10 साल पुराने मामले में सोमवार को बांका व्यवहार न्यायालय पहुंचे और अदालत में पेश हुए. अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए आरोप गठन किया.

 इधर ,कोर्ट में पेश होने के बाद मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि उनके खिलाफ लगाया गया आरोप निराधार है. उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है. अदालत से उन्हें न्याय मिलेगा. उल्लेखनीय है कि श्रम मंत्री संजय यादव मूल रूप से बांका के रहने वाले हैं. वर्ष 2016 में बांका थाने में अवैध बालू भंडारण से संबंधित प्राथमिक दर्ज की गई थी. 

इसमें संजय यादव भी आरोपी बनाए गए थे. फिलहाल वह झारखंड के गोड्डा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और झारखंड सरकार में राजद कोटे से मंत्री हैं.