झारखंड भाजपा : क्या नितिन नवीन के "चुनावी ट्रिक" से उपचुनाव में हारने का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी भाजपा ?
झारखंड बीजेपी में शीर्ष बदलाव के बाद पहली बार राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रांची पहुंच रहे हैं. वह भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक में भी मौजूद रहेंगें.
धनबाद(DHANBAD) : झारखंड बीजेपी में शीर्ष बदलाव के बाद पहली बार राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रांची पहुंच रहे हैं. वह भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक में भी मौजूद रहेंगें। गिरिडीह में उपचुनाव भी संभावित है. इसलिए इस दौरे को उपचुनाव के नजरिए से भी देखा जा रहा है. दरअसल, केंद्रीय नेतृत्व का ध्यान अचानक झारखंड को लेकर सख्त हो गया है. कई बदलाव किए गए हैं, अभी हाल ही में गजेंद्र पटेल को झारखंड संगठन प्रभारी बनाया गया है. सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह सह प्रभारी बनाए गए है. पवन साय को प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है इस परिवर्तन के बाद पहली बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष झारखंड पहुंच रहे हैं.
प्रदेश अध्यक्ष 23 अक्टूबर को रांची पहुंच रहे हैं
कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष 23 अक्टूबर को रांची पहुंच जाएंगे, 24 अक्टूबर से भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक शुरू होगी। जो 25 अक्टूबर तक चलेगी। इस बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हो सकती है. इस बीच गिरिडीह में उपचुनाव भी हो सकता है . चुनाव की तिथि अभी घोषित नहीं हुई है, लेकिन अंदरखाने तैयारियां तेज हैं. गिरिडीह का उपचुनाव झामुमो और भाजपा दोनों के लिए प्रतिष्ठित सीट बनेगी, ऐसा माना जा रहा है. झामुमो फिर से जीत की कोशिश करेगा , जबकि भाजपा इस सीट पर अपना परचम लहराने की कोशिश करेगी। वैसे भी झारखंड में उपचुनाव में भाजपा की स्थिति अच्छी नहीं रही है. उपचुनाव बीजेपी हारती रही है.
कैसे उपचुनाव में हारती रही है भाजपा
उल्लेखनीय है कि 2020 में दुमका में भाजपा दूसरे स्थान पर रही थी. झामुमो के बसंत सोरेन जीते थे. 2020 में ही बेरमो उपचुनाव की बात हो तो कांग्रेस के अनूप सिंह को जीत मिली थी. भाजपा दूसरे स्थान पर थी. 2021 में मधुपुर उपचुनाव की चर्चा हो तो झामुमो के हफीजुल हसन चुनाव जीते थे. भाजपा दूसरे नंबर पर रही थी. 2022 में मांडर उपचुनाव की बात की जाए तो कांग्रेस की शिल्पी नेहा तिर्की चुनाव जीती थी. भाजपा दूसरे स्थान पर थी. 2023 में रामगढ़ उपचुनाव की बात हो तो आजसू की सुनीता चौधरी चुनाव जीती थी. 2023 में डुमरी की बात की जाए तो झामुमो की बेबी देवी चुनाव जीती थी. भाजपा ने आजसू उम्मीदवार को समर्थन किया था. 2024 में गांडेय उप चुनाव की बात की जाए तो झामुमो की कल्पना सोरेन चुनाव जीती थी. भाजपा दूसरे स्थान पर रही. 2025 में घाटशिला की बात की जाए तो झामुमो के सोमेश चंद्र सोरेन चुनाव जीते , भाजपा दूसरे स्थान पर रही. अब गिरिडीह में भी उपचुनाव होने जा रहा है. 2019 से यहां झामुमो की जीत होती रही है. 2024 की आम चुनाव की बात की जाए, तो झामुमो में और भाजपा में बहुत करीबी मुकाबला था और लगभग 4000 वोटो से जीत- हार तय हुई थी. सुदिव्य कुमार सोनू (अब स्वर्गीय) ने निर्भय कुमार शाहबादी को हराया था.