धनबाद(DHANBAD) | धनबाद के एक स्कूल से बच्चों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस मामले में एक्शन का इंतजार है. दरअसल, निरसा के बेनागढ़िया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में बीभत्स ढंग से एक छात्र की पिटाई सहपाठियों द्वारा की गई है. सहपाठियों ने उसे बंधक बनाकर बेल्ट से पीटा है. अभी इस मामले में कार्रवाई का इंतजार है. उसके पहले स्कूल मैनेजमेंट ने 10 छात्रों को स्कूल से बाहर का रास्ता दिखा दिया है. बताया जाता है कि बिना अनुमति लिए चोरी -चुपके कई किलोमीटर दूर जाकर तालाब में नहाने के मामले में जवाहर नवोदय विद्यालय प्रबंधन ने 10 छात्रों को निकाला है. स्कूल मैनेजमेंट ने अभिभावकों को इसकी सूचना दे दी है.
10 छात्रों का टीसी निर्गत कर दिया गया है. बताया गया है कि 26 जुलाई को नवोदय विद्यालय के कई छात्र स्कूल से कई किलोमीटर दूर पहाड़पुर के निकट तालाब में नहाने गए थे. तालाब में डूबने से एक छात्र की मौत होने की भी खबर आई थी. उस समय सवाल उठाया गया था कि आखिरकार यह बच्चे स्कूल परिसर से कैसे निकले और इतनी दूर कैसे चले गए? प्रबंधन ने मामले की जांच कराई, उसके बाद स्कूल मैनेजमेंट ने उन्हें टीसी थमा दी है. इधर सूचना है कि एक छात्र ने डीसी को पत्र लिख कर मैनेजमेंट पर जबरन टीसी देने का आरोप लगाया है. छात्र का कहना है कि हम लोगों की ना समझी और एक भूल के कारण टीसी दिया जा रहा है. माता-पिता पटना कार्यालय गए थे, वहां के अधिकारियों ने कहा कि हमने ऐसा कोई आदेश नहीं दिया है. विद्यालय खुले एक सप्ताह हो गया है. पढ़ाई का नुकसान हो रहा है. छात्र ने भविष्य को देखते हुए सही फैसला लेने का अनुरोध किया है.
इधर, एक और कांड स्कूल परिसर में हो गया है. छात्र के सहपाठियों ने उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा है. सूत्रों के अनुसार छात्र की हालत बिगड़ने पर उसे SNMMCH में भर्ती कराया गया है. छात्र गोविंदपुर का रहने वाला है. घटना मंगलवार की देर रात की बताई गई है.लेकिन खुलासा गुरुवार को हुआ है. उसके सहपाठियों ने पैसे ट्रांसफर करने को लेकर उसकी पिटाई कर दी. बताया जाता है कि पहले सहपाठियों ने उसके हाथ- पैर रस्सी से बांधे. उसके बाद बेरहमी से पिटाई की. जान से मारने की धमकी दी. सहपाठियों ने इसका वीडियो भी बनाया और किसी से शिकायत नहीं करने के लिए डराया -धमकाया भी.
डर के मारे पीड़ित छात्र दो दिनों तक किसी को कुछ नहीं बताया और स्कूल की नर्स से ही दर्द की दवा लेता रहा .इस बीच उसने अपने परिवार जनों को यह भी बताया कि वह ठीक है और पढ़ाई कर रहा है .लेकिन जब उसकी तबीयत अधिक बिगड़ गई तो परिजनों को पूरी बात बताई. घबराए परिजन स्कूल पहुंचे. इसके बाद स्कूल मैनेजमेंट को इसकी जानकारी हुई. उसे तुरंत उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां से डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया. इस बीच पता चला है की सूचना मिलने के बाद निरसा पुलिस भी सक्रिय हो गई है. पुलिस ने स्कूल से मोबाइल जब्त किया है. सूत्र तो यह भी बता रहे हैं कि गुरुवार की रात सराय ढेला पुलिस ने पीड़ित छात्र का बयान अस्पताल में दर्ज किया है.

