धनबाद में टैंकर बना हत्यारा, बुजुर्ग की गई जान तो कैसे गुस्सा भड़का, पुलिस पहुंची तो क्या हुआ ?

राजगंज थाना क्षेत्र के खरनी मोड़ के पास शनिवार को सड़क हादसे में 65 वर्षीय दुर्गा रवानी की मौत हो गई. वह सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आ गए. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया

धनबाद में टैंकर बना हत्यारा, बुजुर्ग की गई जान तो कैसे गुस्सा भड़का, पुलिस पहुंची तो क्या हुआ ?

धनबाद (DHANBAD):   राजगंज थाना क्षेत्र के खरनी मोड़ के पास शनिवार को सड़क हादसे में 65 वर्षीय दुर्गा रवानी की मौत हो गई. वह सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आ गए. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया. वहीं, मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने सर्विस रोड जाम कर विरोध जताया. इससे करीब दो घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा.

मृतक दुर्गा रवानी पचरुखी गांव के रहने वाले थे. परिजनों के अनुसार, वह रोजाना की तरह अपने घर से काली मंदिर में पूजा करने जा रहे थे. इसी दौरान खरनी मोड़ के पास सड़क पार करते समय टैंकर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.

घटना से नाराज परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सर्विस रोड पर आवागमन रोक दिया. सड़क जाम होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलने पर राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया.

पुलिस ने आर्थिक सहायता दिलाने और हादसे के लिए जिम्मेदार टैंकर चालक के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. इसके बाद परिजनों ने जाम हटा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है.