अवैध लॉटरी का धंधा : झारखंड का बंगाल से सीधा कनेक्शन,पुरुलिया में गिरफ्तारी के बाद अब झारखंड की बारी 

अवैध लॉटरी का धंधा : झारखंड का बंगाल से सीधा कनेक्शन,पुरुलिया में गिरफ्तारी के बाद अब झारखंड की बारी

धनबाद(DHANBAD):  झारखंड में संथाल से लेकर कोयलांचल तक अवैध लॉटरी का कारोबार फैला हुआ है.  बंगाल पुलिस ने झारखंड से सटे पुरुलिया में इस धंधे के "किंग पिन" को अरेस्ट किया है. उस गैंग के तार झारखंड से भी जुड़े बताये गए है.  ऐसे में  अब बंगाल पुलिस झारखंड में कभी भी आ सकती है और जांच पड़ताल को आगे बढ़ा सकती है.  

बंगाल में मान्यता प्राप्त लॉटरी टिकट की हू बहू नकल 

दरअसल, बंगाल में मान्यता प्राप्त लॉटरी टिकट की हू बहू नकल  कर अवैध तरीके से टिकट  बेचा जा रहा था.  इस लॉटरी टिकट की वजह से बहुतों  का घर उजाड़ रहा है. कोयलांचल के कोलियरी इलाकों में यह धंधा खूब फल -फूल रहा है.  जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल की पुरुलिया पुलिस ने लॉटरी के अवैध नेटवर्क के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है .  उनके पास से नगद भी बरामद किया गया है.  पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से फर्जी लॉटरी गिरोह के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है. 

बड़े गिरोह का हो सकता है खुलासा 
 
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.  सूचना के अनुसार पिछले साल अप्रैल महीने में भी लॉटरी बेचने  के आरोप में विक्रेताओं को गिरफ्तार किया गया था.  उनके  पास से बड़ी संख्या में नकली लॉटरी टिकट बरामद हुए थे.  उसके बाद से गिरोह का मुख्य सरगना फरार चल रहा था.  गुप्त सूचना के आधार पर रविवार रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. जांच  एजेंसी को इस रैकेट के झारखंड के जुड़े होने की भी संभावना है.