अगर मैथन -पंचेत घूमने की योजना है,तो बदल लीजिये अपना प्रोग्राम,दो राज्यों को जोड़ने वाली सड़क बंद रहेगी
डीवीसी ने पंचेत जल विद्युत स्टेशन के आधुनिकीकरण कार्य के कारण 25 और 26 जून 2026 को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक पंचेत बांध मार्ग पर सभी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है. इससे झारखंड-बंगाल के यात्रियों और पर्यटकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा.
धनबाद(DHANBAD) | DVC की सूचना के अनुसार 25 जून और 26 जून 2026 को रोज सुबह 8:00 बजे से रात 8:00 बजे तक पंचेत बांध मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। यह प्रतिबंध झारखंड सीमा के जीरो पॉइंट से लेकर पश्चिम बंगाल चेक पोस्ट तक लागू रहेगा। इस दौरान किसी भी निजी व्यावसायिक अथवा मालवाहक वाहन को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसका असर पर्यटकों पर तो पड़ेगा ही, साथ ही साथ झारखंड से बंगाल जाने वाले लोगों पर भी पड़ेगा। यह अलग बात है कि डीवीसी ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है. दरअसल, डी वी सी के पंचेत जल विद्युत स्टेशन में महत्वपूर्ण आधुनिकीकरण एवं उन्नयन का कार्य चल रहा है. इस वजह से यह प्रतिबंध लगाया गया है. बता दें कि पंचेत बांध मार्ग झारखंड और बंगाल के बीच संपर्क मार्ग का एक महत्वपूर्ण माध्यम है.
रोज बड़ी संख्या में लोग इस सड़क का उपयोग करते हैं. अब उन्हें दो दिनों तक लंबी दूरी तय कर जाना पड़ेगा। पंचायत बांध क्षेत्र धनबाद और बंगाल के इलाकों के लोगों के लिए एक प्रमुख पर्यटन स्थल भी है. छुट्टी के दिनों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. वैसे भी रोज भीड़ रहती है. डीवीसी प्रबंधन ने लोगों को सलाह दी है कि वह दो दिनों तक वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। यह भी कहा गया है कि दो दिनों तक आप पंचेत बांध मार्ग से यात्रा की योजना नहीं बनाएं।