गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह और धनबाद पुलिस में अब तक कितने एनकाउंटर,गोली लगने के बाद कितने क्रिमिनल्स हुए अरेस्ट
धनबाद में एक बार फिर गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई है. यह एनकाउंटर सोमवार की देर रात को बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में हुआ. निरंकारी चौक इसका गवाह बना. सोमवार की रात हुआ एनकाउंटर प्रिंस खान गैंग और पुलिस के बीच का हाल के वर्षों में पांचवा एनकाउंटर था.
धनबाद(DHANBAD): धनबाद में एक बार फिर गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई है. यह एनकाउंटर सोमवार की देर रात को बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में हुआ. निरंकारी चौक इसका गवाह बना. पुलिस मुठभेड़ में वासेपुर का रहने वाला इरफान अंसारी उर्फ टुना और पुटकी का रहने वाला नजीर अंसारी उर्फ नन्हे के पैर में गोली लगी है. उनका तीसरा साथी भागने में सफल रहा. सोमवार की रात हुआ एनकाउंटर प्रिंस खान गैंग और पुलिस के बीच का हाल के वर्षों में पांचवा एनकाउंटर था.
झारखंड के अन्य ज़िलों में भी हुए है एनकाउंटर
केवल धनबाद में ही नहीं, बल्कि झारखंड के अन्य जिलों में भी प्रिंस खान गैंग के अपराधी मुठभेड़ में पुलिस की गोली के शिकार हुए है. जानकारी के अनुसार धनबाद पुलिस के साथ गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह का पहला एनकाउंटर 31 अक्टूबर 2023 को हुआ था. प्रिंस खान के गुर्गे छोटू को मटकुरिया के पास पैर में गोली लगी थी. उस पर आरोप था कि बैंक मोड़ के कार पार्ट्स दुकानदार को गोली मारी थी. फिर 14 अक्टूबर 2025 को राजगंज - तेतुलमारी सड़क पर तिलाटांड़ के पास जमशेदपुर के रहने वाले भानु मांझी को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया था. फिर 8 मार्च 2026 को धनबाद पब्लिक स्कूल के बगल में पहाड़ की तलहटी में रेलवे ठेकेदार से रंगदारी वसूलने पहुंचे सुदेश ओझा को पुलिस ने घायल कर गिरफ्तार किया था.
16 मार्च 2026 को भागाबांध में हुआ था एनकाउंटर
16 मार्च 2026 को भागाबांध ओपी क्षेत्र के बॉर्डर पर हुई मुठभेड़ में पलामू के कुबेर उर्फ अमन सिंह और करकेंद्र के विक्की डोम मुठभेड़ में घायल हुए थे. भागने के क्रम में अमन अफजल का पैर टूट गया था. वही 17 अगस्त 2026 की देर रात बरवा अड्डा थाना क्षेत्र के निरंकारी चौक पर पुलिस के साथ प्रिंस खान गैंग की भिड़ंत हो गई. इसमें दो लोगों को का गोली लगी. एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि जिस समय यह मुठभेड़ हो रहा था, उस समय अपराधी प्रिंस खान के भाई गोपी खान से मोबाइल पर बात कर रहे थे. मोबाइल जब्त कर लिया गया है.
धनबाद पुलिस को सूचना मिली थी कि
पुलिस को जानकारी मिली थी कि प्रिंस खान के गुर्गे किसी जमीन कारोबारी से रंगदारी की रकम वसूलने के लिए पहुंच रहे हैं. फिर पुलिस उनकी तलाश में जुटी. इसी बीच निरंकारी चौक के पास बाइक पर तीन लड़कों को जाते देखा गया. पुलिस को संदेह हुआ तो तीनों को रोकने का प्रयास किया गया. उसके बाद बाइक सवारों ने फायरिंग शुरू कर दी. भागने के दौरान प्रिंस खान के गुर्गो की बाइक पेट्रोलिंग वाहन से टकरा गई. तीनों फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश करने लगे. इसी बीच पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो के पैर में गोली लग गई .जबकि तीसरा मौके से फरार हो गया.हाल के वर्षों में पुलिस और गैंगस्टर गिरोह के बीच यह पांचवां एनकाउंटर था.पांच एनकाउंटर में सात को गोली लगने के बाद अरेस्ट किया गया है.