धनबाद (DHANBAD): झारखंड कांग्रेस प्रभारी के राजू अपनी टीम के साथ रविवार को कतरास के चर्चित धंसान स्थल छाताबाद पहुंचे. उन्होंने स्थिति और परिस्थिति पर गहरा दुख जताया. कहा कि सोमवार को बीसीसीएल के सीएमडी के साथ बैठक होगी और प्रभावित लोगों को पुनर्वासित करने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा. कतरास के छाताबांध में पिछले दिनों ककड़ी की तरह जमीन फटी और दर्जन भर से अधिक आवास जमींदोज हो गए थे.
रविवार को कांग्रेस की पूरी टीम पहुंचीं थी. प्रभारी के साथ बेरमो विधायक अनूप सिंह, मंत्री इरफान अंसारी, पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो, प्रदेश कांग्रेस महासचिव अशोक सिंह, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद सहित कांग्रेस के छोटे-बड़े कई नेता और कार्यकर्ता साथ थे. विधायक अनूप सिंह काफी मुखर दिखे. उन्होंने सांसद ढुल्लू महतो पर तीखा हमला बोला, कहा कि अवैध उत्खनन की वजह से घटना हुई है. यह कोई पहली घटना नहीं है. उन्होंने कहा कि जहां से सांसद ढुल्लू महतो तीन बार के विधायक रहे, वही यह घटना हुई है. अनूप सिंह ने सीधे-सीधे सांसद ढुल्लू महतो पर कोयला चोरी कराने का आरोप लगाया. कहा कि कोयला चोरी की बदौलत अकूत संपत्ति अर्जित करने वाले सांसद 10 गाड़ियों के काफिले में चलते है. लेकिन उनके लोकसभा क्षेत्र के लोग धंसान से पीड़ित हैं. उन्हें उसका तनिक दुख दर्द नहीं है.
अनूप सिंह ने तो यहां तक कह दिया कि बीसीसीएल के सीएमडी कोयला चोरी रुकवाना के लिए अभियान चला रहे है. इस वजह से सांसद ढुल्लू महतो सीएमडी से नाराज चल रहे है. यही वजह है कि सीएमडी भी सांसद से बात करना नहीं चाहते हैं. जबकि सांसद भाजपा के है. मंत्री इरफान अंसारी ने भी सांसद ढुल्लू महतो को निशाने पर लिया और कहा कि दलित होना क्या गुनाह है, मुसलमान होना क्या गुनाह है, गरीब होना क्या गुनाह है और शायद यही वजह है कि सांसद ढुल्लू महतो पीड़ित परिवारों का दुख-दर्द नहीं समझ रहे हैं. लेकिन वह लोग कांग्रेस पार्टी के सिपाही हैं और यही तो कांग्रेस की खूबसूरती है कि जाति-धर्म से ऊपर उठकर हर दुख की घड़ी में कांग्रेस के लोग पीड़ितों के साथ खड़े होते है.

