धनबाद: डिगवाडीह में मैजिक वाहन कैसे बन गया आग का गोला, दमकल गाड़ी  पहुंची तो क्या हुआ?

झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र स्थित गणेश पूजा मैदान के पास बुधवार को एक मैजिक वाहन में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

धनबाद: डिगवाडीह में मैजिक वाहन कैसे बन गया आग का गोला, दमकल गाड़ी  पहुंची तो क्या हुआ?

धनबाद (DHANBAD): झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र स्थित गणेश पूजा मैदान के पास बुधवार को एक मैजिक वाहन में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मंगलवार की रात को भी कतरास के पंचगड़ी बाजार में मार्बल दुकान में भीषण आग लगी थी. लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. बुधवार को 12 से 1 बजे करीब बिचाली से भरे  वाहन पर आग लग गई.  लोग बता रहे हैं , गाड़ी ओवरलोड जा रही थी. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया. जब तक लोग कुछ समझ पाते, मैजिक वाहन आग का गोला बन चुका था.

जानकारी के मुताबिक, बिचाली लदा मैजिक वाहन डिगवाडीह गणेश पूजा मैदान के समीप से गुजर रहा था. इसी दौरान वाहन में अचानक आग लग गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. वाहन से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. घटनास्थल पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे.आग की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी. 

सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. हालांकि, आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि दमकल कर्मियों के पहुंचने तक वाहन का अधिकांश हिस्सा जल चुका था. काफी मशक्कत के बावजूद मैजिक वाहन को बचाया नहीं जा सका और वह पूरी तरह जलकर राख हो गया.घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.