धनबाद में हथियार के बल पर दुकानदारों को धमकाने वाला पप्पू गिरफ्तार, बेडरूम से देसी पिस्टल बरामद, तीन और हिरासत में
धनबाद में दुकानदारों को हथियार के बल पर धमकाने के आरोप में पुलिस ने पप्पू को गिरफ्तार किया है. उसके बेडरूम में गद्दे के नीचे से देसी पिस्टल और दो जिंदा गोलियां बरामद हुईं. मामले में अंकित पाठक समेत अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है
धनबाद: धनबाद में दुकानदारों को हथियार के बल पर धमकाने के आरोप में पुलिस ने पप्पू को गिरफ्तार किया है. वह लड़कों का एक गिरोह तैयार कर लिया था. और हथियार के बल पर दुकानदारों को धमकी देता था. विनोद बिहारी चौक स्थित दुकानदारों ने इसकी शिकायत की थी. उसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया. फिर तो उसके बेडरूम में बिस्तर के गद्दे के नीचे से देसी पिस्टल, एक खाली मैगजीन के अंदर लोड दो जिंदा गोली बरामद किए गए.
धनबाद पुलिस ने देर रात को बारा मुड़ी खटाल स्थित पप्पू के घर पर दबिश देकर यह सफलता हासिल की. उसे पकड़ने के लिए पुलिस को घेराबंदी करनी पड़ी. तब वह कब्जे में आया. पूछताछ में पप्पू ने बताया कि बरामद हथियार उसे टीचर्स कॉलोनी बिशनपुर निवासी अंकित पाठक ने रखने के लिए दिया था.
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के सह आरोपी अंकित पाठक को भी हिरासत में ले लिया. इसके अलावा पुलिस ने इस मामले में शामिल होने के संदेह में कंबाइंड बिल्डिंग के एक भाजपा नेता के पुत्र और बेकार बाँध खटीक मोहल्ला के एक अन्य आरोपी को हिरासत में लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है.
पप्पू को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और उसकी निशानदेही पर जिन लड़कों को हिरासत में लिया गया है, उनसे पूछताछ की जा रही है.