धनबाद में तेज रफ्तार का कहर: हाइवा की टक्कर से युवक की मौत, सड़क पर फूटा लोगों का गुस्सा

धनबाद में तेज रफ्तार का कहर: हाइवा की टक्कर से युवक की मौत, सड़क पर फूटा लोगों का गुस्सा

DHANBAD: बाघमारा के बरोरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. जमुआटांड़-हरिणा हीरक सड़क मार्ग पर तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक का इलाज धनबाद के एक अस्पताल में चल रहा है.

मृतक की पहचान खोनाठी बस्ती निवासी सौरभ कुमार के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि सौरभ अपने साथी के साथ चार पहिया वाहन से कहीं जा रहा था. इसी दौरान एक अनियंत्रित हाइवा ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में सौरभ की जान चली गई, जबकि दूसरे युवक को गंभीर चोटें आईं.

घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर बरोरा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. थाना प्रभारी साधन कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. जांच के क्रम में दुर्घटना में शामिल संदिग्ध हाइवा को मुराईडीह वर्कशॉप के पास लावारिस हालत में बरामद किया गया. फुटेज के आधार पर वाहन की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उसे जब्त कर लिया.

युवक की मौत की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो उठे. लोगों ने हरिणा हीरक चौक पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा तथा मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई.

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं. समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिशें चल रही थीं.

रिपोर्ट-नीरज कुमार