क्या कोयलांचल में भी कुख्यात अखिलेश गिरोह की हो गई है एंट्री?धनबाद पुलिस ने नए गैंग के सिर उठाने के पहले ही कैसे किया ध्वस्त?
24 अगस्त को जमशेदपुर में होटल मालिक निखार सबलोक की हत्या के बाद बुधवार को सागर उर्फ शिबू की धनबाद में पुलिस के साथ एनकाउंटर हो गया
धनबाद: 24 अगस्त को जमशेदपुर में होटल मालिक निखार सबलोक की हत्या के बाद बुधवार को सागर उर्फ शिबू की धनबाद में पुलिस के साथ एनकाउंटर हो गया. इसके बाद यह सवाल बड़ा हो गया है कि क्या कोयलांचल में भी कुख्यात अखिलेश सिंह गैंग की एंट्री हो गई है? निखार सबलोक हत्याकांड में भी अखिलेश सिंह गिरोह का नाम सामने आया है.
पुलिस के अनुसार 24 अगस्त को जमशेदपुर में होटल मालिक की हत्या में स्पॉट पर शिबू था. उसके बाद वह धनबाद को ठिकाना बना लिया था. यह अलग बात है कि धनबाद पुलिस ने गैंग के धनबाद में सिर उठाने से पहले ही ध्वस्त कर दिया है. गैंग के पांच लोग धनबाद पहुंचे थे. जिसमें दो पकड़ लिए गए, एक का एनकाउंटर हुआ और दो के लिए पुलिस ताबड़तोड़ रेड कर रही है.
बता दे कि बुधवार की शाम धनबाद पुलिस के साथ अपराधियों की मुठभेड़ निरसा में हो गई और इस मुठभेड़ में दोनों तरफ से गोलियां चली. पुलिस ने सेल्फ डिफेंस में फायरिंग की. जिसमें उत्तर प्रदेश का कुख्यात अपराधी सागर उर्फ शिबू घायल हो गया. शिबू धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में भी आरोपी था. फिलहाल व निरसा में डेरा जमाए हुए था. और उसका गैंग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में था. लेकिन धनबाद पुलिस ने उसे बुलाने वाले और उसके गैंग के मनसूबे को ध्वस्त कर दिया है.
शिबू सहित कुल पांच लोगों के धनबाद पहुंचने की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और मंगलवार से ही छापेमारी शुरू की गई थी. जैसे-जैसे छापेमारी आगे बढ़ी, पुलिस को लीड मिलती गई. पुलिस को सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश का कुख्यात अपराधी निरसा में ठहरा हुआ है.फिर पुलिस पहुंची और सरेंडर करने को कहा तो फायरिंग शुरू कर दी गई. पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग शुरू की.
पुलिस के अनुसार उसने अत्याधुनिक 9 एमएम पिस्टल से फायरिंग शुरू की. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. उसके दोनों पैर में गोली लगी है. उसे धनबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है .जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में उसका इलाज चल रहा है. पुलिस के साथ एनकाउंटर बुधवार की शाम लगभग 5:30 बजे हुई थी.
पुलिस ने बड़ी ही चतुराई से पूरी तरह से गोपनीयता बरतते हुए निरसा के हाथ बाड़ी पहुंचकर आनंद वाटिका रेजिडेंसी को घेर लिया. घर में लगे सीसीटीवी कैमरे से अपराधियों को पुलिस की मौजूदगी की भनक लग गई थी. उसके बाद एनकाउंटर हुआ. सागर और शिबू के बारे में बताया जाता है कि वह उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर का रहने वाला है .2017 में पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड की जांच के दौरान भी उसका नाम सामने आया था. उसे उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया गया था.
इधर, 24 अगस्त को जमशेदपुर में हुए निखार सबलोक हत्याकांड में भी इसका नाम शूटरो में आया था. उसने फिर से सुपारी किलिंग का काम शुरू कर दिया था. यह एनकाउंटर पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है. इसलिए भी बड़ी उपलब्धि है कि एक नए गैंग को सिर उठाने से पहले ही पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है. पुलिस अब पूछताछ के बाद जानकारी जुटाएगी और उसके बाद एक्शन तेज होगा. धनबाद के कुछ सफेदपोश भी इसमें शामिल हो सकते हैं. क्योंकि बिना किसी के बुलाए कुख्यात शूटर शिबू धनबाद आया नहीं होगा? अब सवाल उठता है कि किसके बुलाने पर शिबू धनबाद आया था? सूत्र बता रहे हैं कि पुलिस के प्रारंभिक पूछताछ में उसने कुछ लीड भी दिया है .पुलिस अब कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है.