अच्छी खबर: सेवा काल में मृत सेल कर्मियों के परिजनों को मिलेंगें सस्ते आवास,अब तक क्या थे नियम ?

स्टील अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड (सेल ) ने एक बड़ा निर्णय लिया है. जानकारी के अनुसार संस्थान में ऐसे अधिकारी एवं कर्मचारी, जिनकी सेवाकाल में आकस्मिक निधन हो गया हो, उनके आश्रित को रहने के लिए कंपनी अब सस्ते दर पर मकान की सुविधा देगी

अच्छी खबर: सेवा काल में मृत सेल कर्मियों के परिजनों को मिलेंगें सस्ते आवास,अब तक क्या थे नियम ?

धनबाद(DHANBAD): स्टील अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड (सेल ) ने एक बड़ा निर्णय लिया है.  जानकारी के अनुसार संस्थान में ऐसे अधिकारी एवं कर्मचारी, जिनकी सेवाकाल में आकस्मिक निधन हो गया हो, उनके आश्रित को रहने के लिए कंपनी अब सस्ते दर पर मकान की सुविधा देगी।  इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.  बताया जाता है कि  सेल मैनेजमेंट यह निर्णय स्टील एग्जीक्यूटिव फेडरेशन ऑफ इंडिया के दिए गए प्रस्ताव पर लेने जा रहा है.  

इस योजना के लागू हो जाने से स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया की सभी इकाइयों के आश्रित परिजनों को बड़ी सुविधा मिलेगी।  अभी तक के नियम के अनुसार सेल प्रबंधन अपने अधिकारी एवं कर्मचारी, जिनका किसी कारणवश नौकरी में रहते हुए निधन हो जाता है, उनकी सेवानिवृत्ति तिथि तक उनके आश्रित को रहने के लिए कंपनी मकान देती है.  इस दौरान उनसे आवास के मद  में सरकारी या प्राइवेट कंपनी को दिए गए आवास से भी ज्यादा रकम ली जाती है.  इसमें मकान का किराया, बिजली तथा पानी का शुल्क भी शामिल होता है. 

 इससे  मृत कर्मियों के आश्रितों को काफी आर्थिक परेशानी झेलनी होती है.  इस मुद्दे को लेकर  फेडरेशन  ने प्रबंधन को उचित निर्णय लेने की  सलाह दी थी.  जानकारी के अनुसार सेल प्रबंधन मृत  कर्मियों के आश्रितों से ई एफ टाइप आवास के मद  में 2930 रुपये ,डी टाइप आवास के मद में 6830 रुपये , सी टाइप आवास के मद  में 9750 और बी  टाइप आवास में रहने वालों से 11700 प्रति माह  किराया लेता है.  वही कंपनी डीसी और एसपी पुल, सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान, ट्रेड यूनियन आदि को दिए गए मकान का शुल्क मृत  कर्मियों के आश्रित के आवास का मासिक किराया से काफी कम लेता है.  इसके बाद यह  मामला मैनेजमेंट के पास पहुंचाया गया.  अब मैनेजमेंट ने  निर्णय लिया है कि मृत  कर्मियों के आश्रितों को वह राहत देगा।