प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए मंगेतर संग मिलकर प्रेमिका ने रची खौफनाक साजिश, धनबाद पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए मंगेतर संग मिलकर प्रेमिका ने रची खौफनाक साजिश, धनबाद पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

धनबाद (DHANBAD): झरिया के भौरा ओपी क्षेत्र में दामोदर नदी किनारे मिले युवक के शव मामले का धनबाद पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया है कि यह हत्या त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग का नतीजा थी. पुलिस ने मामले में मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके होने वाले पति की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.

गौरतलब है कि 31 मई को भौरा ओपी क्षेत्र के काली मेला स्थित दामोदर नदी किनारे श्मशान घाट के पास एक युवक का गला कटा शव बरामद हुआ था. मामले की जांच शुरू होने पर मृतक की पहचान बोर्रागढ़ होरलाडीह निवासी 24 वर्षीय दिलशाद अंसारी के रूप में हुई. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई.

पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ीं. जांच में खुलासा हुआ कि दिलशाद अंसारी का प्रेम संबंध झरिया निवासी कोमल वर्णवाल के साथ था. इसी बीच कोमल की शादी रोशन कुमार से तय हो गई थी. पुलिस के अनुसार, दिलशाद का प्रेम संबंध दोनों के वैवाहिक जीवन में बाधा बन रहा था.

आरोप है कि इसी वजह से कोमल और उसके मंगेतर रोशन कुमार ने मिलकर दिलशाद को रास्ते से हटाने की साजिश रची. योजना के तहत उसे सुनसान इलाके में बुलाया गया, जहां धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद शव को दामोदर नदी किनारे श्मशान घाट के पास फेंक दिया गया ताकि मामला सामान्य हत्या या दुर्घटना जैसा प्रतीत हो. पुलिस ने जांच के दौरान कोमल वर्णवाल को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, मृतक का मोबाइल फोन तथा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है.

सिंदरी एसडीपीओ प्रकाशचंद्र महतो ने बताया कि वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान की मदद से इस जघन्य हत्याकांड का सफल उद्भेदन किया गया है. मामले में फरार आरोपी रोशन कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं.

रिपोर्ट : नीरज कुमार