झरिया में पथराव के बाद फायरिंग:दो गुटों के विवाद ने लिया हिंसक रूप,पुलिस पहुंची तो क्या हुआ

झरिया में पथराव के बाद फायरिंग:दो गुटों के विवाद ने लिया हिंसक रूप,पुलिस पहुंची तो क्या हुआ

धनबाद: धनबाद की झरिया में दो गुट आमने-सामने  हुए तो पत्थरबाजी शुरू हो गई. फायरिंग भी की गई. कई लोग चोटिल हो गए.सूचना पर तत्काल पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.यह सब हुआ शुक्रवार की रात को. 

दरअसल, झरिया सिंदरी मुख्य मार्ग स्थित लालटेन शाह बाबा मजार के समीप शुक्रवार की रात आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया. एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच पहले मारपीट हुई. फिर पथराव हुआ. उसके बाद फायरिंग करने के भी आरोप लगाए गए. इस घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई. सड़क पर हंगामा शुरू हो गया.

 पुलिस के हस्तक्षेप से  मामले पर नियंत्रण पाया जा सका. इस मामले में दो राउंड फायरिंग की भी बात कही जा रही है. पुलिस को स्थानीय युवकों ने एक खोखा और एक जिंदा कारतूस सौंपा, जिसे जब्त कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. दोनों पक्ष में एक दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है.

 बताया जाता है कि यह विवाद 13 जुलाई के एक मामले से जुड़ा हुआ है. ऊपर कुल्ही में आयोजित अखाड़ा जलसे के दौरान कुछ युवक तेज रफ्तार बाइक से पहुंचे थे. इसका विरोध करने पर   मारपीट की गई थी. दूसरे सूत्र का कहना है कि ऊपर कुल्ही और चौथाई  कुली के एक ही समुदाय के लोगों के बीच पिछले दो दिनों से कमेटी विस्तार को लेकर तनाव बना हुआ था. 

यह भी आशंका है कि इसी तनातनी के विवाद को हिंसा रूप दे दिया गया. हालांकि पुलिस गोली चालन की पुष्टि नहीं कर रही है. घटना के बाद पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है. आसपास के सीसीटीवी कैमरा की फुटेज खंगाले  जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस भी कह रही है कि दो पक्षों में आपसी विवाद हुआ है. 

प्रारंभिक जांच में मौके से कोई खोखा या कारतूस नहीं मिला था. लेकिन बाद में कुछ स्थानीय लोगों ने गश्ती दल को एक खोखा और एक जिंदा कारतूस दिया है. पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जांच के बाद ही फायरिंग की भी पुष्टि होगी.