बंद कमरे में कोयले का चूल्हा जलाकर सोया परिवार, दम घुटने से पति की मौत, पत्नी गंभीर
एक परिवार ठंड से बचने के लिए अपने रूम में कोयले का चूल्हा जलाकर सोना महँगा पड़ गया. बंद कमरे में जहरीली गैस फैलने से एक युवक की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है. वहीं, उनके नवजात बच्चे की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
धनबाद (DHANBAD): जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है जहां एक परिवार ठंड से बचने के लिए अपने रूम में कोयले का चूल्हा जलाकर सोना महँगा पड़ गया. बंद कमरे में जहरीली गैस फैलने से एक युवक की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है. वहीं, उनके नवजात बच्चे की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना कतरास थाना क्षेत्र के भंडारीडीह की है. मृतक की पहचान काशिद अंसारी के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.
सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को हुआ शक
जानकारी के अनुसार, काशिद अंसारी रविवार रात अपनी पत्नी अष्टमी कुमारी और नवजात बच्चे के साथ कमरे में सोने गए थे. ठंड से बचने के लिए उन्होंने कमरे में कोयले का चूल्हा जला रखा था. रात में तीनों उसी कमरे में सो गए. सोमवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को चिंता हुई. लोगों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर कतरास पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा गया. अंदर काशिद, उनकी पत्नी और नवजात बच्चा अचेत अवस्था में पड़े मिले. पुलिस ने बिना देर किए तीनों को पेट्रोलिंग गाड़ी से स्थानीय अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद काशिद अंसारी को मृत घोषित कर दिया. वहीं, उनकी पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है. नवजात बच्चे की स्थिति में सुधार है और दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है.
मजदूरी कर चलाता था परिवार
काशिद के पिता गुलाम अंसारी ने बताया कि उनका बेटा मजदूरी करता था और भंडारीडीह में किराये के मकान में पत्नी के साथ रहता था. काशिद ने अष्टमी कुमारी से प्रेम विवाह किया था. बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. शुरुआती आशंका है कि बंद कमरे में कोयले का चूल्हा जलने से कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी जहरीली गैस फैल गई, जिससे तीनों बेहोश हो गए. हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद ही होगी.