धनबाद के इन जगहों पर चल रही है प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी ,नेता से लेकर कारोबारी तक शामिल 

धनबाद के इन जगहों पर चल रही है प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी ,नेता से लेकर कारोबारी तक शामिल

धनबाद(DHANBAD): धनबाद के अवैध कोयला धंधेबाजों पर  सीआईएसएफ के बाद ईडी का भी शिकंजा कस गया है.  धंधेबाज सीआईएसएफ का एक्शन झेल ही रहे थे कि   मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय ने एक बड़ी कार्रवाई कर दी.  धनबाद के लगभग दो दर्जन ठिकानों पर ईडी  की रेड  चल रही है.  मंगलवार की छापेमारी को  कुछ महीने पहले  की हुई ईडी छापेमारी से जोड़कर देखा जा रहा है.  कहा जा रहा है कि उस समय की जांच पड़ताल में जो कुछ भी सुराग हाथ लगे थे, उसके बाद आज बड़ी कार्रवाई हुई है.  अवैध कोयला कारोबार और उससे जुड़े आर्थिक लेनदेन की जांच को लेकर यह  छापेमारी शुरू की गई है. 

रांची और पश्चिम बंगाल से पहुंची है टीम 

 सूत्रों के अनुसार रांची और पश्चिम बंगाल से आई टीम अलग-अलग स्थान पर एक साथ छापेमारी शुरू की है.  सुरक्षा के ख्याल से बोकारो से सीआरपीएफ के जवानों को बुलाया गया है.  सूत्र बता रहे हैं कि आयकर विभाग की टीम भी इसमें शामिल है.  दरअसल, ईडी  की टीम इसके पहले भी कोयला के अवैध कारोबार से अकूत संपत्ति अर्जित किये  लोगों के यहां छापेमारी की थी.  यह  छापेमारी झारखंड से लेकर बंगाल तक हुई थी.  कोयले के  अवैध कारोबार के संबंध में यह बड़ी  पहले छापेमारी बताई जा रही है.  मंगलवार को दूसरी छापेमारी हुई.  कोयलांचल में ईडी  की छापेमारी की दिनभर चर्चा होती रही.  जानकारी के अनुसार ईडी  की छापेमारी झरिया से लेकर धनबाद, कतरास  से लेकर धनबाद तक चल रही है.   जांच पड़ताल अभी जारी है.  राजनीतिक दल के नेता भी छापेमारी की जद  में आए है.  झामुमो  नेता हरेंद्र चौहान और विधानसभा का चुनाव लड़ चुके रोहित यादव का नाम लिया जा रहा है.  कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि कोयले के अवैध खनन में लगे लोगों और उनके द्वारा अर्जित धन की  लेनदेन की प्रवर्तन निदेशालय की टीम कुंडली खंगाल  रही है. 

कारोबारियों के इन ठिकानों  पर चल रही है छापेमारी 

सूत्रों के अनुसार  जिन जगहों पर छापेमारी हुई है उनमें गांगुली कॉम्प्लेक्स स्थित एसके शर्मा का कार्यालय,टिकियापाड़ा में अनिल गोयल का आवास,अनिल गोयल के करीबी सबीर आलम का ठिकाना,लोयाबाद में डिप्टी मेयर के भाई हरेंद्र चौहान का आवास,झरिया में गणेश यादव का घर,शिमला बहाल (झरिया) में रंजीत सिंह का आवास,बैंक मोड़ में पप्पू मंडल का ठिकाना,शेखर यादव का आवास,तेतुलिया में रोहित यादव का घर,नालंदा कॉटेज में माधव सिंह का आवास,रितेश शर्मा के राज आंगन में कार्रवाई,कपुरिया जोरिया स्थित अनिल गोयल के भट्ठे पर कार्रवाई,लोदना (झरिया) में ओम प्रकाश सिंह एवं रंजीत सिंह के आवास,लोदना में विजय पासवान का घर,बैंक मोड़ स्थित शांति भवन में हार्डकोक कारोबारी अमन कनोड़िया के कार्यालय ,चौथाईकुली (झरिया) में सुभाष साव के आवास शामिल हैं.