धनबाद के सेल चासनाला में कर्मचारी से मारपीट, विरोध में काम बंद, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

धनबाद के सेल चासनाला में कर्मचारी से मारपीट, विरोध में काम बंद, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

धनबाद (DHANBAD) : जिले के सेल चासनाला में एक कर्मचारी के साथ मारपीट और लूट की घटना के बाद कर्मचारियों में भारी नाराजगी है. घटना के विरोध में सेल कर्मियों ने काम बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया है. कर्मचारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

जानकारी के अनुसार, चार युवक विद्युत सब-स्टेशन पहुंचे. वहां ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी सत्यजीत राय के साथ युवकों ने कथित रूप से मारपीट की. आरोप है कि युवकों ने सत्यजीत राय को लात-घूंसों से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए सेल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.

सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड

बताया जा रहा है कि पूरी घटना सब-स्टेशन में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. कर्मचारियों का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने सत्यजीत राय का मोबाइल फोन और सोने की चेन भी छीन ली और मौके से फरार हो गए. घटना में कांड्रा क्षेत्र के चार युवकों का नाम सामने आ रहा है.

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही सेल कर्मियों और अधिकारियों में आक्रोश फैल गया. सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शन कर रहे कर्मियों का कहना है कि यदि कार्यस्थल पर ही कर्मचारी सुरक्षित नहीं रहेंगे तो काम करना मुश्किल हो जाएगा. उन्होंने प्रबंधन और पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग

सेल प्रबंधन ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है और दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है. वहीं यूनियन नेताओं ने भी घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है.

पाथरडीह पुलिस मामले की जांच में जुटी

फिलहाल पाथरडीह थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. घटना के बाद सेल चासनाला क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और कर्मचारी न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे है.

रिपोर्ट – नीरज कुमार