कोयला घोटाले में ED का शिकंजा! एलबी सिंह की पत्नी ने मांगा 10 दिन का वक्त, भाई-साले को भी मिला नया समन

कोयला कारोबारी एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह ने ED से पूछताछ के लिए 10 दिनों का समय मांगा है. वहीं, उनके भाई और साले को अगले सप्ताह पेश होने का नया समन जारी किया गया है.

कोयला घोटाले में ED का शिकंजा! एलबी सिंह की पत्नी ने मांगा 10 दिन का वक्त, भाई-साले को भी मिला नया समन

धनबाद (DHANBAD): चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बीच अब परिवार के सदस्यों से पूछताछ की तैयारी तेज हो गई है. एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह को ED ने पूछताछ के लिए तलब किया था, लेकिन निर्धारित तारीख पर वह एजेंसी के सामने पेश नहीं हुईं. उन्होंने ED से 10 दिनों की अतिरिक्त मोहलत मांगी है. हालांकि, उनकी मांग पर जांच एजेंसी की ओर से अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है. मिली जानकारी के मुताबिक, ED की ओर से जल्द ही आरती सिंह के लिए पूछताछ की नई तारीख तय की जा सकती है. इसके बाद उन्हें दोबारा समन भेजकर निर्धारित समय पर उपस्थित होने का निर्देश दिया जाएगा. आरती सिंह ने अपने आवेदन में झारखंड से बाहर होने को पेशी में शामिल नहीं हो पाने की वजह बताया है.

कोयला घोटाले से जुड़े मामले में ED ने दूसरे चरण की छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच के बाद एलबी सिंह के परिवार के सदस्यों को पूछताछ के लिए समन जारी किया था. इसी क्रम में आरती सिंह को 20 अगस्त को एजेंसी के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया था. हालांकि, तय तारीख पर वह ED कार्यालय नहीं पहुंचीं. इसके बजाय उन्होंने जांच एजेंसी को पत्र भेजकर 10 दिनों का समय मांगा है. अब ED उनके अनुरोध पर विचार करने के बाद अगली तारीख तय करेगी.

आरती सिंह के अलावा एलबी सिंह के भाई और साले को भी ED ने पूछताछ के लिए समन भेजा था. दोनों ने पेशी के लिए करीब एक-एक महीने का अतिरिक्त समय मांगा था. सूत्रों के अनुसार, एक व्यक्ति ने अपनी मां की तबीयत खराब होने का हवाला दिया, जबकि दूसरे ने भाई की बीमारी को आधार बनाकर समय देने का अनुरोध किया. हालांकि, ED ने दोनों की ओर से मांगी गई लंबी मोहलत को स्वीकार नहीं किया. जांच एजेंसी ने उन्हें अगले सप्ताह पेश होने के लिए नया समन जारी किया है.

छापेमारी में मिले दस्तावेजों की हो रही जांच
बताया जा रहा है कि ED की जांच का फोकस दूसरे दौर की छापेमारी में मिले दस्तावेजों और उनसे जुड़े लेन-देन पर है. एजेंसी इन दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रही है. अब आरती सिंह की पेशी के लिए ED कौन-सी नई तारीख तय करती है और पूछताछ के दौरान क्या जानकारी सामने आती है, इस पर नजर बनी हुई है. वहीं, एलबी सिंह के भाई और साले की अगले सप्ताह होने वाली पेशी भी जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.