East Basuriya Encounter:गैंगस्टर प्रिंस खान सहित आठ पर FIR ,पढ़िए कौन कौन बने है आरोपी ?

वासेपुर के भूली मोड़ में दिनदहाड़े हुई फायरिंग के बाद बुधवार की रात ईस्ट बसुरिया में अपराधियों के साथ पुलिस की हुई मुठभेड़ मामले में एफआईआर दर्ज की गई है

East Basuriya Encounter:गैंगस्टर प्रिंस खान सहित आठ पर FIR ,पढ़िए कौन कौन बने है आरोपी ?

धनबाद(DHANBAD): वासेपुर के भूली मोड़  में दिनदहाड़े हुई फायरिंग के बाद बुधवार की रात ईस्ट बसुरिया में अपराधियों के साथ पुलिस की हुई मुठभेड़ मामले में एफआईआर  दर्ज की गई है. गैंगस्टर प्रिंस खान समेत 8 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी  दर्ज की गई है.  ईस्ट बसुरिया ओपी प्रभारी सुधांशु श्रीवास्तव की शिकायत पर वासेपुर के फरार अपराधी प्रिंस खान, गोपी खान, गॉडविन खान, बंटी खान ,चारों के पिता नासिर  खान, चंदन ठाकुर, जोधन ठाकुर, प्रिंस कुमार तथा अमीर कुरैशी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.  

ईस्ट बसुरिया में पुलिस के साथ हो गया था एनकाउंटर 

यह एनकाउंटर 23 सितंबर की रात हुई थी. पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि वासेपुर भूली मोड़  में अंधाधुंध  फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले अपराधी ईस्ट बसुरिया के एक परियोजना के परित्यक्त  भवन में छिपे हुए है.  इसके बाद पुलिस का एक्शन शुरू हुआ.  पुलिस टीम जब रात को पहुंची, तो अपराधियों के साथ मुठभेड़ हो गई.  चन्दन  ठाकुर को पुलिस की गोली लगी, वह घायल हो गया.  भागने के क्रम में प्रिंस कुमार भी चोटिल हो गया.   एक अपराधी ने पुलिस वाहन को निशाना बनाकर गोली चला दी थी. उसके बाद भवन  के बरामदे  से पुलिस टीम पर फायरिंग की गई. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और चंदन ठाकुर घायल हो गया था.   उसके पास से पिस्तौल बरामद होने की बात कही जा रही है. 

21 सितम्बर को भूली मोड़ में हुई थी फायरिंग 

 दरअसल वासेपुर भूली मोड़  में 21 सितम्बर को सुबह लगभग 11:00 बजे एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी थी.  अपराधियों की गोली से गैंगस्टर फहीम खान का भाई सानू  खान, दुकानदार सद्दाम और उत्तर प्रदेश से संबंधी के घर आई युवती  कुमकुम घायल हो गई थी.  इस घटना से हलचल मच गई थी.  उसके बाद पुलिस घटना के खुलासे  को सक्रिय हुई.  ताबड़तोड़ छापेमारी की गई, अपराधियों की टोह में पुलिस  गई.  उसके बाद पता चला कि गोली चलाने वाला चंदन  ठाकुर था, जबकि उसके साथ बाइक चला रहा युवक प्रिंस कुमार था.  फिर पुलिस उन्हें पकड़ने की कोशिश की और इसी क्रम में ईस्ट बसुरिया ओपी  क्षेत्र में 23 सितंबर को पुलिस के साथ एनकाउंटर हो गया. भूली मोड़ में फायरिंग के मामले में भी गैंगस्टर फहीम खान के भाई के फर्द बयान पर बैंक मोड़ थाने में एफआईआर की गई है.