Dhullu Mahato Vs Arup Chatterjee: फिर गरमाने लगी निरसा की राजनीति, इस बार पार्टी  को क्यों किया गया आगे, पढ़िए 

Dhullu Mahato Vs Arup Chatterjee: फिर गरमाने लगी निरसा की राजनीति, इस बार पार्टी  को क्यों किया गया आगे, पढ़िए

धनबाद (DHANBAD): धनबाद के निरसा की राजनीति फिर सुलग रही है. एलिवेटेड फ्लाईओवर को लेकर निरसा विधायक और धनबाद के सांसद के बीच चल रही राजनीतिक लड़ाई में अब पार्टी आगे आई है. अशोक मंडल बने है अगुवा, अभी हाल ही में वह भाजपा में लौटे है. जानकारी के अनुसार निरसा  एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने को लेकर निरसा  में भाजपा नेता अशोक मंडल के नेतृत्व में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया है. यह अभियान आगे भी चलेगा. अधिक से अधिक लोगों का समर्थन लेने का भाजपा प्रयास करेगी. 

भाजपा चला रही हस्ताक्षर अभियान
 
भाजपा की योजना है कि इस हस्ताक्षर अभियान से प्राप्त समर्थन को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को एक मांग पत्र के साथ सौंपा  जाएगा. दरअसल, विधायक का अरूप चटर्जी निरसा में एलिवेटेड फ्लाईओवर में स्थानीय लोगों  को रोजगार देने, माफियाओं को भगाने सहित अन्य मांग को लेकर काम शुरू नहीं करने की चेतावनी दी है, तो दूसरी ओर सांसद ढुल्लू महतो चाहते हैं कि यह काम जल्द से जल्द शुरू हो जाए. निरसा राजनीति काफी सुर्खियां बटोर चुकी है. कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान ने निरसा  विधायक को धमकी दी तो बाद में सांसद ढुल्लू महतो ने भी कहा कि उन्हें भी प्रिंस खान ने धमकाया है. निरसा विधायक ने प्रिंस खान सहित ढुल्लू महतो पर निरसा थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई है. दूसरी ओर सांसद ढुल्लू महतो ने निरसा विधायक पर मानहानि का नोटिस भी भेजा है. 

एक ही दिन एक ही समय प्रदर्शन कर दोनों दिखा चुके हैं ताकत 

इतना ही नहीं, दोनों लोगों ने प्रदर्शन भी किया और अपनी ताकत भी दिखाई. सांसद ढुल्लू महतो की ओर से भी पूरी तैयारी की गई थी. प्रदर्शन के लिए तो निरसा विधायक ने भी अपनी ताकत दिखाने के लिए उसी दिन, उसी जगह के आसपास कार्यक्रम किया था. उस दिन निरसा का राजनीतिक माहौल काफी गर्म था. लेकिन पुलिस प्रशासन ने सूझबूझ के साथ किसी भी आपसी टकराव को ताल दिया. दरअसल सांसद, निराशा विधायक को फ्लाईओवर के निर्माण में बाधक बता रहे हैं, तो विधायक इस प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे है. दोनों नेताओं के बीच चल रही तकरार से पूरे कोयलांचल की राजनीति गरमा गई है. अब देखना है कि आगे इस मामले में क्या होता है. 

क्या है सांसद-विधायक का आरोप

सांसद, निरसा विधायक को फ्लाईओवर के निर्माण में बाधक बता रहे हैं, तो विधायक इस प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे हैं. सांसद ढुल्लू महतो का कहना है कि भाजपा के अथक प्रयास से गोविंदपुर और निरसा में एलिवेटेड रोड की मंजूरी मिली है. गोविंदपुर में काम चल रहा है, लेकिन निरसा में विधायक अपने निजी स्वार्थ के लिए निर्माण में रोड़ा अटका रहे हैं. लाल पार्टी का इतिहास ही कारखाने और उद्योगों को बंद कराने का रहा है. लेकिन जनता अब गोलबंद हो रही है. दूसरी ओर विधायक अरूप चटर्जी का कहना है कि माले माफिया तंत्र के खिलाफ लड़ती आई है. एलिवेटेड रोड की इस योजना के जरिए माफिया तत्व सप्लाई और जमीन पर कब्जा कर लूट मचाना चाहते हैं. वह इस प्रोजेक्ट को बरबेंदिया पुल की तरह भ्रष्टाचार की भेंट नहीं चढ़ने देंगे. उन्होंने कहा कि उनकी मांग सिर्फ इतनी है कि निर्माण कार्य भ्रष्टाचार मुक्त और क्वालिटी का होना चाहिए.