कोयला-लोहा के वर्चस्व की जंग से दहला धनबाद, मेयर संजीव सिंह ने बाघमारा को बताया हॉट स्पॉट

धनबाद में कोयला और लोहा कारोबार को लेकर वर्चस्व की लड़ाई हिंसक होती जा रही है. तीन दिनों में तीन गोलीबारी की घटनाओं के बाद जिले में दहशत का माहौल है. मेयर संजीव सिंह ने बाघमारा को हिंसा का हॉटस्पॉट बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है.

कोयला-लोहा के वर्चस्व की जंग से दहला धनबाद, मेयर संजीव सिंह ने बाघमारा को बताया हॉट स्पॉट

धनबाद(DHANBAD): जिले में इन दिनों कोयला और लोहा कारोबार को लेकर चल रही वर्चस्व की जंग लगातार हिंसक होती जा रही है. बीते तीन दिनों के भीतर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में गोलीबारी की तीन घटनाएं सामने आई माहौल है. बाघमारा में कोयला कारोबार को लेकर दो जगहों पर फायरिंग हुई, जबकि झरिया के जामाडोबा क्षेत्र में लोहा कारोबार में दबदबा कायम करने की कोशिश के दौरान गोलियां चलीं.

लगातार हो रही इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए धनबाद के मेयर सह पूर्व झरिया विधायक संजीव सिंह ने चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जिले की सबसे चिंताजनक स्थिति बाघमारा क्षेत्र की है, जहां आए दिन विवाद और हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं. उनके अनुसार कुछ राजनीतिक और सामाजिक तत्व अपने समर्थकों को आगे कर टकराव का माहौल बना रहे हैं, जिसका परिणाम अब खुलेआम गोलीबारी के रूप में दिखाई दे रहा है.

संजीव सिंह ने आरोप लगाया कि बाघमारा में लंबे समय से लोगों को आपस में भिड़ाने की राजनीति की जा रही है. इससे क्षेत्र में तनाव बढ़ रहा है और अपराधियों का मनोबल भी मजबूत हो रहा है. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया गया तो इसका असर पूरे जिले की शांति और सुरक्षा पर पड़ सकता है.

मेयर ने शुभम यादव हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पहले भी प्रशासन को आगाह किया था कि धनबाद को शांत और सुरक्षित रखना है तो बाघमारा क्षेत्र में विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी. उन्होंने कहा कि लगातार हो रही हिंसक घटनाओं को नजरअंदाज करना गंभीर परिणाम ला सकता है.

संजीव सिंह ने धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक से मांग की कि शुभम यादव हत्याकांड के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए और बाघमारा में बढ़ रही अराजकता को खत्म करने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं. गौरतलब है कि हाल के दिनों में कोयला और लोहा कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई के कारण जिले में कई हिंसक घटनाएं सामने आई हैं. इन घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं और प्रभावित इलाकों में भय का माहौल बना हुआ है. ऐसे में प्रशासन के सामने शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गई है.

रिपोर्ट- नीरज कुमार