धनबाद पुलिस का एक्शन तेज: अब तक कितने एनकाउंटर हुए और कितने कुख्यात पकड़े गए, पढ़िए
धनबाद पुलिस अपराधियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है. अपराध करने वाले पकड़े जा रहे हैं, पुलिस के साथ उनका मुठभेड़ हो रहा है. संगठित अपराध के खिलाफ भी पुलिस का एक्शन लगातार जारी है
धनबाद(DHANBAD): धनबाद पुलिस अपराधियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है. अपराध करने वाले पकड़े जा रहे हैं, पुलिस के साथ उनका मुठभेड़ हो रहा है. संगठित अपराध के खिलाफ भी पुलिस का एक्शन लगातार जारी है. धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद से ही कह रहे हैं कि अपराधी जिस भाषा में समझेंगे, उन्हें उन्ही की भाषा में समझाया जाएगा. लेकिन आम नागरिकों के सुख चैन से उन्हें खिलवाड़ करने कतई नहीं दिया जाएगा, चाहे वह कोई भी हों. 13 अक्टूबर '2026 की देर रात को धनबाद के कुख्यात शंकर डे के साथ पुलिस का फिर सामना हो गया. मनिया डीह में मुठभेड़ में शंकर डे घायल हो गया है. वह धनबाद से लेकर बंगाल तक का कुख्यात बताया जाता है. धनबाद में जब बिहार के कुख्यात बिंदु सिंह गैंग का आतंक था, तो शंकर डे का नाम भी सुर्खियों में रहता था.
23 अक्टूबर 2023 को भी हुई थी भिड़ंत
इसके पहले धनबाद पुलिस ने 23 अक्टूबर 2023 को छोटू नामक अपराधी को मटकुरिया में पैर में गोली मारी थी. उस पर आरोप था कि बैंक मोड़ के एक कार पार्ट्स दुकानदार के जबड़े में गोली दाग दी थी. फिर 14 अक्टूबर 2025 को राजगंज - तेतुलमारी सड़क पर तिलाटांड़ के पास जमशेदपुर के रहने वाले शातिर भानु मांझी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ा था. 8 मार्च 2026 को धनबाद पब्लिक स्कूल के बगल में पहाड़ की तलहटी में ठेकेदार से रंगदारी वसूलने आए धनबाद के विनोद नगर निवासी सुदीश ओझा को पुलिस ने एनकाउंटर में घायल कर गिरफ्तार किया था. 16 मार्च 2026 को भागा बांध इलाके में पलामू के कुबेर और करकेंद के विक्की डोम को गोली मारी गई थी. भागने के क्रम में एक व्यक्ति का गिरकर पैर टूट गया था.
निरसा में भी हुआ था बड़ा एनकाउंटर ,यूपी का शार्प शूटर पकड़ा गया था
17 अगस्त 2026 को बरवाअड्डा के निरंकारी चौक के पास पुलिस ने वासेपुर नूरी मस्जिद के पास रहने वाले इरफान अंसारी उर्फ टुन्ना और पुटकी निवासी नाजिर अंसारी उर्फ नन्हे का एनकाउंटर किया था. 16 सितंबर 2026 को तो बड़ा एनकाउंटर हुआ. इस एनकाउंटर में उत्तर प्रदेश का शार्प शूटर घायल हो गया. उसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया. निरसा के हाथबाड़ी में मुठभेड़ में पुलिस की विशेष टीम ने पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह और जमशेदपुर के होटल मालिक निखार सबलोक हत्याकांड के आरोपी उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर का रहने वाले सागर सिंह उर्फ शिबू को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था. शिबू धनबाद में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए अपने अन्य साथियों के साथ पहुंचा था. एनकाउंटर के एक दिन पहले पुलिस को भनक लगी कि कुछ शातिर अपराधी धनबाद पहुंचे हैं. पुलिस उनके टोह में लगी ,तो पता चला कि यूपी का शार्प शूटर सागर उर्फ शिबू सिंह निरसा में ठहरा हुआ है. पुलिस जब निरसा में उसके ठहरे आवास की घेराबंदी की ,तो वह फायरिंग करने लगा. जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी. उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. कई दिनों तक इलाज के बाद फिलहाल वह धनबाद जेल में बंद है.
21 सितंबर को दिनदहाड़े वासेपुर में फायरिंग करने वालों का भी हुआ था एनकाउंटर
21 सितंबर को दिनदहाड़े वासेपुर के भूली मोड़ में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई थी. इस फायरिंग में गैंगस्टर फहीम खान का भाई सानू खान, एक दुकानदार और उत्तर प्रदेश की एक युवती घायल हो गए थे. इसी क्रम में पुलिस जांच पड़ताल तेज की, तो पता चला की लोकल अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है. अपराधी ईस्ट बसुरिया के एक खंडहर नुमा मकान में छिपे हुए थे . वहां पुलिस पहुंची तो मुठभेड़ हो गया. मुठभेड़ में चंदन ठाकुर को गोली लगी जबकि उसका एक साथी गिरकर घायल हो गया. पुलिस ने चार लोगों को अरेस्ट किया था. फिर 13 अक्टूबर '2026 की देर रात टुंडी के मानियाडीह में एनकाउंटर हो गया. इसमें कुख्यात शंकर डे को गोली मारकर पकड़ा गया. वह पुलिस का हथियार छीनकर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश कर रहा था.