धनबाद: वासेपुर में आधी रात आग का तांडव, फल-ड्राईफ्रूट की दो दुकानें जलकर खाक

धनबाद के वासेपुर आरा मोड़ में देर रात फल और ड्राईफ्रूट की दो दुकानों में भीषण आग लग गई. अग्निकांड में पांच लाख रुपये से अधिक के सामान के जलने का अनुमान है.

धनबाद: वासेपुर में आधी रात आग का तांडव, फल-ड्राईफ्रूट की दो दुकानें जलकर खाक

धनबाद (DHANBAD): धनबाद के वासेपुर आरा मोड़ में शनिवार देर रात एक फल और ड्राईफ्रूट की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते आग ने बगल की एक अन्य दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया. इस अग्निकांड में दोनों दुकानों में रखा फल, ड्राईफ्रूट और अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया. दुकानदारों के मुताबिक आग से पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है.

घटना वासेपुर आरा मोड़ स्थित वसीम फल वाला की दुकान की बताई जा रही है. शनिवार देर रात दुकान बंद थी. इसी दौरान अचानक दुकान के अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया. कुछ ही देर में धुआं तेज आग की लपटों में बदल गया. दुकान से आग निकलते देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी दुकानदार और दमकल विभाग को दी. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग की लपटें काफी तेज होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया.हालांकि, तब तक आग अपना काफी नुकसान कर चुकी थी.

आग की चपेट में आने से दोनों दुकानों में रखा फल, ड्राईफ्रूट और अन्य सामान बुरी तरह जल गया. दुकानदारों का कहना है कि अग्निकांड में पांच लाख रुपये से अधिक का सामान नष्ट हुआ है. आग की वजह से दुकान और उसमें रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचा है. फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है. में कैसे लगी, इसका पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा. घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है.