धनबाद (DHANBAD): मानसून को देखते हुए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) द्वारा 10 जून से नदियों से बालू उठाव पर रोक लगाए जाने के बावजूद धनबाद में अवैध खनन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है. ऐसे में गुरुवार सुबह खनन विभाग की टीम ने सुरक्षा बलों के साथ संयुक्त अभियान चलाकर अवैध बालू परिवहन और खनन के खिलाफ कार्रवाई की. इस दौरान बिना वैध दस्तावेज के बालू ढो रहे दो वाहनों को जब्त किया गया, जबकि नदी घाट पर अवैध खनन में लगे लोग टीम को देखकर मौके से फरार हो गए.
जानकारी के अनुसार, माइनिंग इंस्पेक्टर श्यामानंद सिंह और ब्रह्मदेव यादव के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने सुबह विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया. सबसे पहले बरटांड़ बस स्टैंड के समीप धैया रोड पर बालू लदे दो वाहनों की जांच की गई. जांच के दौरान वाहन चालकों से बालू परिवहन से संबंधित वैध परमिट और कागजात मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद टीम ने जेएच-10 एटी-8754 और जेएच-10 बीजे-7449 नंबर के दोनों वाहनों को जब्त कर धनबाद थाना के हवाले कर दिया. अधिकारियों के अनुसार, जब्त वाहनों से करीब 400 सीएफटी बालू बरामद किया गया है.
वाहनों की जांच के बाद खनन विभाग की टीम तेलमच्चो बालू घाट पहुंची. यहां एनजीटी की रोक के बावजूद दामोदर नदी से ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू निकासी और लोडिंग का कार्य जारी था. टीम को देखते ही अवैध खनन में शामिल लोग ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गए. हालांकि विभाग ने मौके से अवैध खनन के साक्ष्य जुटाए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम जारी अवैध बालू खनन ने प्रशासनिक निगरानी और कानून के अनुपालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं. खनन विभाग का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट : नीरज कुमार

