Dhanbad Encounter: सीसीटीवी खोलेगा राज ,शिबू से मिलने कौन -कौन जाते थे ,कितने दिनों से निरसा में ठहरा हुआ था कुख्यात ?

बुधवार को निरसा के हाथबाड़ी में मुठभेड़ के बाद पुलिस का एक्शन तेज है. हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका रेजीडेंसी में पुलिस मुठभेड़ के बाद उत्तर प्रदेश का कुख्यात अपराधी सागर सिंह उर्फ शिबू को गिरफ्तार कर लिया गया था.

Dhanbad Encounter: सीसीटीवी खोलेगा राज ,शिबू से मिलने कौन -कौन जाते थे ,कितने दिनों से निरसा में ठहरा हुआ था कुख्यात ?

धनबाद(DHANBAD): बुधवार को निरसा  के हाथबाड़ी  में मुठभेड़ के बाद पुलिस का एक्शन तेज है.  हाथबाड़ी  स्थित आनंद वाटिका रेजीडेंसी में पुलिस मुठभेड़ के बाद उत्तर प्रदेश का कुख्यात अपराधी सागर सिंह उर्फ शिबू को  गिरफ्तार कर लिया गया था.  अब उस जगह को खंगालने  में पुलिस जुट गई है.  सूचना के मुताबिक पुलिस ने कारोबारी के आवास का सीसीटीवी फुटेज और डीबीआर  जब्त  कर लिया है.  परिसर को पुलिस फिलहाल अपने कब्जे में ले रखा है.  किसी को अंदर आने जाने की अनुमति नहीं है.  पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए पिछले कई दिनों की गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश कर  रही है. 

शिबू के अलावे कौन-कौन रह रहा था घर में ,कौन जा रहे थे मिलने 

 पुलिस यह  भी जानने की कोशिश कर रही है कि आवास में शिबू के अलावे कौन-कौन रह रहा था? साथ ही पिछले कई दिनों से उस आवास में कौन लोग आ -जा रहे थे? शिबू किन-किन लोगों के संपर्क में था और उसके लोकल लिंक में कौन-कौन लोग शामिल थे.  सूत्र बता रहे हैं कि पिछले 5-6  दिनों से शिबू आनंद वाटिका में ठहरा हुआ था.  गुरुवार को रांची से फोरेंसिक विभाग की टीम भी पहुंची है.  टीम ने घर के अंदर जाकर जांच पड़ताल की है.  मुठभेड़ स्थल के कुछ नमूने भी लिए हैं.  पुलिस  पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गैंग किस  आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था.  मुठभेड़ के बाद परिसर में रहने वाले लोग भी हैरान - परेशान हैं.  

चर्चा है कि कुख्यात शूटर 5 -6 दिनों से निरसा में ठहरा हुआ था 

चर्चा है कि कुख्यात शूटर कई दिनों से ठहरा हुआ था और इसकी भनक आसपास के लोगों को नहीं थी. बता दे कि बुधवार की शाम धनबाद पुलिस के साथ अपराधियों की मुठभेड़ निरसा में हो गई और इस मुठभेड़ में दोनों तरफ से गोलियां चली. पुलिस ने  सेल्फ डिफेंस में फायरिंग की. जिसमें उत्तर प्रदेश का कुख्यात अपराधी सागर उर्फ शिबू घायल हो गया. शिबू धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में भी आरोपी था. फिलहाल व निरसा में डेरा जमाए हुए था. और उसका गैंग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में था. लेकिन धनबाद पुलिस ने उसे बुलाने वाले और उसके गैंग के मनसूबे को ध्वस्त कर दिया है. 

शिबू सहित पांच के पहुंचने की सूचना पर सक्रिय हुई थी पुलिस 

शिबू सहित कुल पांच लोगों के धनबाद पहुंचने की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और मंगलवार से ही छापेमारी शुरू की गई थी. जैसे-जैसे छापेमारी आगे बढ़ी, पुलिस को लीड मिलती गई. पुलिस को सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश का कुख्यात अपराधी निरसा में ठहरा हुआ है.फिर पुलिस पहुंची और सरेंडर करने को कहा तो फायरिंग शुरू कर दी गई.  पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग शुरू की. पुलिस के अनुसार उसने अत्याधुनिक 9 एमएम पिस्टल से फायरिंग शुरू की. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. उसके दोनों पैर में गोली लगी है. उसे धनबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है .जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में उसका इलाज चल रहा है.