धनबाद:झाड़-फूंक के नाम पर बुजुर्ग महिला से लाखों के गहनों की ठगी, दो शातिर फरार

धनबाद:झाड़-फूंक के नाम पर बुजुर्ग महिला से लाखों के गहनों की ठगी, दो शातिर फरार

धनबाद: जिले के सदर थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. बिसनपुर इलाके में दो अज्ञात बदमाशों ने एक 70 वर्षीय महिला को अपनी बातों में फंसाकर लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

जानकारी के अनुसार, बिसनपुर निवासी त्रिलोकी यादव की पत्नी राजकुमारी देवी अपने घर पर थीं. इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे. दोनों ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे और हरे रंग का गमछा ओढ़ रखा था. उन्होंने खुद को तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक से परेशानियां दूर करने वाला बताकर महिला का विश्वास जीत लिया. ठगों ने दावा किया कि विशेष पूजा करने से घर की सभी समस्याएं खत्म हो जाएंगी.

बुजुर्ग महिला उनकी बातों में आ गईं. ठगों के कहने पर उन्होंने अपने कान के सोने के झुमके, गले का लॉकेट और हाथ के कंगन उतारकर गमछे में रख दिए. इसके बाद आरोपियों ने महिला से कहा कि वह बिना पीछे देखे 51 कदम आगे चलें. महिला जैसे ही आगे बढ़ीं, दोनों ठग गहनों से भरा गमछा लेकर मौके से फरार हो गए.

घटना का पता चलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या चमत्कार के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें.

रिपोर्ट:नीरज कुमार