बोकारो के लॉज में धनबाद के कारोबारी की लाश मिलने से सनसनी,हत्या या आत्महत्या की जांच में जुटी पुलिस

बोकारो के लॉज में धनबाद के कारोबारी की लाश मिलने से सनसनी,हत्या या आत्महत्या की जांच में जुटी पुलिस

TNP DESK- बोकारो के चास में धनबाद के जमीन कारोबारी की लाश मिलने के बाद सनसनी फैल गई है.यह हत्या है या आत्महत्या, इसकी जांच शुरू हो गई है. कारोबारी धनबाद के बरोरा का रहने वाला था. सूचना के मुताबिक चास के शिवा लॉज के कमरा नंबर 15 में बरोरा के रहने वाले कारोबारी लक्ष्मण साव का शव बरामद किया गया है. यह आत्महत्या है या हत्या है इसको लेकर पुलिसिया जांच शुरू हो गई है.

 घटना की सूचना पर मृतक की मां और बड़े भाई मौके पर पहुंचे. परिजनों ने इसे हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की आशंका व्यक्त की  है. उनका कहना है कि लक्ष्मण साव जमीन कारोबार से जुड़े थे. और उनका किसी से विवाद हो सकता है. परिवार के अनुसार 17 जून की रात लक्ष्मण साव की पत्नी से फोन पर बात हुई थी और अगले दिन घर लौटने की बात कही थी.

 घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस पुलिस का कहना है कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. जिसे पुलिस की मौजूदगी में तोड़ा गया. हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. पुलिस ने लॉज को सील कर दिया है. 

पता चला है किसी अजय कुमार ने कमरा बुक कराया था. उस कमरे में मृतक के साझेदारों का आना-जाना था. पुलिस मृतक के मोबाइल  से पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अंतिम समय में उसकी किन-किन लोगों से बात हुई थी. पुलिस साझेदारों से भी पूछ ताछ  करने की तैयारी में है. 

जानकारी के अनुसार लॉज के तीसरे तले पर स्थित कमरा नंबर 15 से दुर्गंध आने के बाद  संचालक ने  पुलिस को सूचना दी. कमरा खोला गया तो वहां पंखे से चादर के फंदे से लक्ष्मण का शव लटका मिला. अंदाज लगाया जाता है कि 2 दिन पहले ही लक्ष्मण साव की मौत हो चुकी थी. लक्ष्मण साव की बाइक लॉज परिसर में खड़ी मिली. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है.