BCCL में कोयला ट्रांसपोर्ट घोटाला पकड़ाया, पुलिस ने तीन बड़े अधिकारियों को भेजा नोटिस, अब आगे क्या ?
धनबाद में अवैध कोयला परिवहन की जांच के दौरान BCCL के गोविंदपुर एरिया में कथित गड़बड़ी सामने आई है. पुलिस ने GM समेत तीन अधिकारियों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है.
धनबाद (DHANBAD): धनबाद पुलिस की नोटिस ने कोल इंडिया की सबसे बड़ी इकाई बीसीसीएल में एक बड़े घोटाले की ओर इशारा किया है. जांच में आगे क्या खुलासा हो सकता है, इसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है. क्या सचमुच बीसीसीएल में एक ही चालान का कई बार इस्तेमाल होता है? आखिर बीसीसीएल के चेक पोस्ट पर क्या जांच की जाती है? जानकारी के अनुसार अवैध कोयला परिवहन के मामले में धनबाद पुलिस ने बीसीसीएल के गोविंदपुर एरिया के महाप्रबंधक सहित तीन अधिकारियों को नोटिस भेजा है.
सूत्रों के अनुसार जिला खनन विभाग और परिवहन विभाग की टीम ने 16 जुलाई को धनबाद के धर्मा बांध स्थित गोविंदपुर एरिया -3 की साइडिंग में जांच पड़ताल की थी. इस क्रम में कई कोयला लोड वाहनों के कागजात की जाँच की गई थी. 11 वाहनों का कोयला परिवहन चालान कथित रूप से गलत मिला था. इसके अलावे भी कई कागजात नहीं मिले थे. सूत्रों के अनुसार जांच में यह बात सामने आई थी कि एक ही चालान का उपयोग कोयला ढोने के लिए कई बार किया गया था.
चालान की वैधता समाप्त होने के बाद भी इन वाहनों को बीसीसीएल के चेक पोस्ट से बिना किसी रोक के आने-जाने दिया गया. जिला खनन पदाधिकारी ने 11 वाहनों को जब्त कर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस की जांच में कथित रूप से कोयला अधिकारियों की मिलीभगत सामने आने के बाद पुलिस ने एरिया -3 के महाप्रबंधक समेत तीन अधिकारियों को नोटिस देकर जवाब मांगा है. हालांकि सूत्र दावा कर रहे हैं कि मामले की जांच आगे जैसे-जैसे बढ़ेगी, नए-नए खुलासे हो सकते हैं.