कोयलांचल : "कोयला चोरी" पर नेताओं की आपसी लड़ाई में कैसे पीछे छूट रहा विकास,पढ़िए डिटेल्स में
कोयलांचल में जनता से बड़ा नेताओं का अहम हो गया है. नेता चाहे किसी दल के हों,सबका एक ही हाल है. और यही वजह है कि नेताओं की इस लड़ाई में विकास पीछे छूटता जा रहा है.
धनबाद(DHANBAD): कोयलांचल में जनता से बड़ा नेताओं का अहम हो गया है. नेता चाहे किसी दल के हों,सबका एक ही हाल है. और यही वजह है कि नेताओं की इस लड़ाई में विकास पीछे छूटता जा रहा है. समस्या के समाधान के बजाय दोषारोपण का हथियार नेता अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं. धनबाद को क्या मिलना चाहिए, धनबाद किस चीज का हकदार है, इस पर चिंतन -मनन करने के बजाय एक दूसरे को नीचा दिखाने की लड़ाई खूब चल रही है. निरसा विधायक अरूप चटर्जी और सांसद ढुल्लू महतो के बीच निरसा फ्लाईओवर को लेकर उठे विवाद का अभी अंत नहीं हुआ है कि एक नया विवाद शुरू हो गया है.
बेरमो से कांग्रेस विधायक अनूप सिंह और सांसद ढुल्लू महतो के बीच फिर आरोप -प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. सोशल मीडिया इसका बड़ा माध्यम बन गया है. दोनों नेताओं में जुबानी जंग तो हो ही रही है, लेकिन सोशल मीडिया पर एक दूसरे के खिलाफ उनके समर्थक लगातार पोस्ट डाल रहे हैं. खास बात यह है कि इन पोस्टों में नेताओं को ललकारा जा रहा है. मर्यादाएं भी टूट रही हैं. कतरास के छाताबाद में 7 अगस्त को हुए भू धंसान के बाद विधायक अनूप सिंह और सांसद ढुल्लू महतो के बीच जुबानी जंग तो चल ही रही है, साथ ही सोशल मीडिया पर उनके समर्थक विवाद में तड़का लगा रहे है.
छाताबाद धंसान का मामला सियासी रंग पकड़ लिया है. प्रभावित लोगों को सुविधा दिलाने के बजाय नेता आपस में ही ताल ठोक रहे हैं. अनूप सिंह का कहना है कि ढुल्लू महतो कोयला चोरी करवाते हैं और इसी की परिणति है कि छाताबाद में भू धंसान की घटना हुई हैं. उसके बाद भी सांसद प्रभावित लोगों को मदद करने के लिए खड़े नहीं हो रहे हैं. बीसीसीएल पर दबाव नहीं बना रहे हैं. दूसरी और सांसद ढुल्लू महतो कह रहे हैं कि भू -धंसान की घटना के बाद कई राजनीतिक लोग एकजुट होकर उनके खिलाफ बयानबाजी कर रहे है. अनूप सिंह को सांसद ने निशाने पर ले रखा है. उन्होंने बोकारो के बेरमो क्षेत्र में कथित अवैध कोयला खनन और अन्य मामलों की जांच सीबीआई और अन्य केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग की है.
दरअसल, 7 अगस्त को कतरास के छाताबाद में भू -धंसान की बड़ी घटना हो गई थी. इस घटना में लगभग 20 घर जमींदोज हो गए थे. एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे. इस घटना के बाद आसपास के दर्जनों घर खतरे की जद में आ गए हैं. इलाके में दहशत का माहौल है. इस घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने झारखंड प्रभारी के राजू के नेतृत्व में छाताबाद इलाके का दौरा किया था. राहत की मांग कर रहे लोगों से मिले, उनके धरना में भी शामिल हुए. बेरमो विधायक ने कहा कि सांसद ढुल्लू महतो कोयला चोरी करवाते हैं और इस वजह से ही यह घटना हुई है.
उन्होंने यहां तक कह दिया कि बीसीसीएल के सीएमडी सांसद से बात करना नहीं चाहते हैं, इसलिए भी समाधान नहीं निकल रहा है. कांग्रेस के नेताओं में मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी भी शामिल थे. उन्होंने भी सांसद ढुल्लू महतो को निशाने पर लिया। यह अलग बात है कि नेता आपस में लड़ रहे हैं लेकिन प्रभावित लोगों को राहत नहीं मिल रही है. कोयलांचल में धंसान की घटनाएं एक के बाद एक हो रही हैं. नेता कभी साथ नहीं बैठ रहे हैं, यह जानने की कोशिश नहीं कर रहे हैं कि आखिर इन घटनाओं के समाधान का रास्ता क्या है ?रास्ता खोजने के बजाय आपस में ही लड़ रहे हैं. नतीजा है कि धनबाद का विकास पीछे छूटता जा रहा है और जनता की परेशानियां बढ़ती जा रही है.