बीसीसीएल के सीएमडी को धमकी मामला:पुलिस की जाँच हुई तेज,दो कोयला अधिकारीयों से हुई पूछताछ
बीसीसीएल के सीएमडी को धमकी मामले में पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है. बता दे कि इस मामले की शिकायत धनबाद के सरायढेला थाने में की गई है. इस मामले में बीसीसीएल के बरोरा क्षेत्र के महाप्रबंधक से पुलिस ने घटना की पूरी जानकारी ली है. एक अन्य अधिकारी से भी पूछताछ की गई है.
धनबाद(DHANBAD):बीसीसीएल के सीएमडी को धमकी मामले में पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है. बता दे कि इस मामले की शिकायत धनबाद के सरायढेला थाने में की गई है. इस मामले में बीसीसीएल के बरोरा क्षेत्र के महाप्रबंधक से पुलिस ने घटना की पूरी जानकारी ली है. एक अन्य अधिकारी से भी पूछताछ की गई है. शनिवार को महाप्रबंधक सरायढेला थाना पहुंचे और पूरी जानकारी दी. पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी बताने से परहेज कर रही है.
बता दें कि 12 अगस्त की रात धनबाद स्टेशन से कोयला भवन की ओर जा रहे एक टेंपो में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के एक जवान ने रणधीर वर्मा चौक के पास सवार हुए दो लोगों की बातचीत सुनी थी. जिसमें बीसीसीएल के सीएमडी को 27 अगस्त तक साफ कर देने की बात हो रही थी. और इसके लिए पांच पेटी का इंतजाम करने को कहा गया था. कहा जाता है कि टेंपो से उतरने के बाद जवान ने सबसे पहले इस मामले की जानकारी बरोरा के महाप्रबंधक को दी थी. महाप्रबंधक से मिली सूचना पर सुरक्षा महाप्रबंधक ने सरायढेला थाने में शिकायत की थी.
यह भी जानकारी मिली है कि पुलिस ने सीनियर फाइनेंस ऑफिसर से भी थाना बुलाकर पूछताछ की है. पुलिस धमकी से जुड़े घटनाक्रम और इसमें शामिल संभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ऑटो में कथित तौर पर सीएमडी की हत्या की बात करने वाले लोग कौन थे और उनके बीच किस संदर्भ में बात हुई थी? साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस कथित बातचीत का सीएमडी को मिली धमकी की आशंका से कोई संबंध है अथवा नहीं? सीएमडी को धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं.