धनबाद (DHANBAD): रेलवे सुरक्षा जांच के दौरान धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत चितरंजन रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है. बाघ एक्सप्रेस ट्रेन से करीब 39.99 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं. यह रकम लावारिस हालत में ट्रेन के कोच से मिली, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल और पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई.
जानकारी के अनुसार आज दोपहर को गाड़ी संख्या 13019 बाघ एक्सप्रेस चितरंजन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंची थी. इसी दौरान रेल पीपी चितरंजन को ट्रेन में संदिग्ध सामान होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रेन के B/3 कोच की तलाशी शुरू की.
तलाशी के दौरान बर्थ नंबर 06 पर दो काले रंग के प्लास्टिक पैकेट लावारिस हालत में पड़े मिले. जब सुरक्षा कर्मियों ने दोनों पैकेट खोले तो अंदर भारी मात्रा में नकदी देखकर सभी हैरान रह गए. जांच में पाया गया कि पैकेटों में 500 रुपये के कुल 7,999 असली नोट रखे गए थे. बरामद रकम की कुल कीमत 39.99 लाख रुपये बताई गई है.पूरी प्रक्रिया बैंक अधिकारियों, रेलवे विभाग के कर्मचारियों और आरपीएफ जवानों की मौजूदगी में पूरी की गई. नकदी की गिनती के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई ताकि पूरे मामले का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके.
फिलहाल बरामद राशि को ट्रेजरी में जमा कराने की प्रक्रिया चल रही है. रेलवे पुलिस ने इस मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी है. नियमानुसार तीन दिनों के बाद यह राशि इनकम टैक्स विभाग को सौंप दी जाएगी. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी रकम ट्रेन में किसकी थी और इसे वहां किस उद्देश्य से रखा गया था.