BREAKING: धनबाद में बेलगाम अपराधी, दिनदहाड़े कारोबारी को गोलियों से भुना

BREAKING: धनबाद में बेलगाम अपराधी, दिनदहाड़े कारोबारी को गोलियों से भुना

धनबाद (DHANBAD): धनबाद में रविवार को अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े हत्या की वारदात को अंजाम दिया. गोंदूडीह ओपी क्षेत्र के खेरकाबाद स्थित 7 नंबर हिलटॉप आउटसोर्सिंग के पास बाइक सवार बदमाशों ने आटा मिल के एक कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

मृतक की पहचान झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला निवासी 45 वर्षीय उमेश यादव के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उमेश यादव गोधर स्थित एक आटा मिल में पिछले कई वर्षों से कार्यरत थे और ग्राहकों से पैसे की वसूली (कलेक्शन) का जिम्मा संभालते थे. रविवार को भी वह विभिन्न ग्राहकों से रकम लेकर बाइक से मिल लौट रहे थे.

इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगते ही उमेश यादव सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही गोंदूडीह ओपी, भूली ओपी और केंदुआडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है.

मृतक के भाई राजेश यादव ने आशंका जताई है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या लूट की मंशा हो सकती है. वहीं आटा मिल के मालिक रतन अग्रवाल ने बताया कि उमेश पिछले 7-8 वर्षों से उनके यहां कार्यरत थे और रविवार सुबह करीब 11 बजे कलेक्शन के लिए निकले थे. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उमेश यादव के पास कितनी रकम थी और अपराधियों का मकसद लूट था या फिर कोई पुराना विवाद. केंदुआडीह थाना इंस्पेक्टर प्रमोद पांडेय के नेतृत्व में मामले की जांच जारी है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है.

रिपोर्ट : नीरज कुमार