धनबाद (DHANBAD): बलियापुर थाना क्षेत्र में बीबीएम कॉलेज के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई है. मृतक की पहचान निरसा के डुमरिया आखबेड़िया निवासी बिपुल कुमार महतो के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया,
जानकारी के अनुसार, बिपुल कुमार महतो अपने घर से बलियापुर स्थित बीबीएम कॉलेज जाने के लिए KTM बाइक से निकले थे. कॉलेज में काम पूरा करने के बाद उन्हें वहां से धनबाद जाना था. इसी दौरान बीबीएम कॉलेज के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक अज्ञात वाहन से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिपुल गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को घटना की सूचना दी गई.
बलियापुर थाना के एएसआई लाला प्रसाद ने बताया कि बीबीएम कॉलेज के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची तो KTM बाइक दुर्घटनाग्रस्त मिली. बाइक सवार युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान बिपुल कुमार महतो के रूप में हुई है. घटना के बाद जिस अज्ञात वाहन से बाइक टकराई, वह मौके से फरार हो गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है.

