धनबाद: कोयला कर्मियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है .जानकारी के अनुसार कोल इंडिया एवं उसकी अनुषंगी कंपनियों में काम करने वाले विभागीय कर्मियों का दुर्घटना बीमा 1 करोड रुपए से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपए अब कर दिया जाएगा.
जानकारी के अनुसार इस सिलसिले में कोल इंडिया के वित्त निदेशक ने कोलकाता के कार्पोरेट कार्यालय में स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर चर्चा की है .इस बैठक में कोयला कर्मियों का दुर्घटना बीमा कवरेज 1 करोड़ से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपये करने और अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई है.
अब तक निर्णय के मुताबिक कोल इंडिया के कर्मियों को एक करोड रुपए दुर्घटना बीमा मिलता था. लेकिन सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो बीमा की राशि डेढ़ करोड़ रुपए कर दी जाएगी. जानकारी के अनुसार कॉर्पोरेट पैकेज सैलरी पर भी एसबीआई के अधिकारियों के साथ बातचीत हुई है. बता दें कि कोल इंडिया में अभी लगभग सवा दो लाख कर्मचारी कार्यरत हैं.
राष्ट्रीयकरण के समय लगभग 7 लाख कर्मचारी कोल इंडिया में कार्यरत थे. लेकिन जैसे-जैसे कोल इंडिया में आउटसोर्स कंपनियों का प्रवेश बढ़ता गया, रेगुलर कर्मचारियों की संख्या घटती गई. अभी कोल इंडिया में जेबीसीसीआई 12 को लेकर संशय से बना हुआ है .इस पर कोई भी निर्णय अभी सामने नहीं आया है. इसी महीने जेबीसीसीआई 11 की अवधि समाप्त हो रही है. सूत्र बताते हैं कि कोल इंडिया से इसका कोई प्रस्ताव अभी तक कोयला मंत्रालय में नहीं पहुंचा है.

