झारखंड -बिहार कौन कहे विदेशों में भी बज रहा छठी मईया का  डंका, अमेरिकी से ऑस्ट्रेलिया तक गूंज रहे हैं गीत

छठ महापर्व अब बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश का ही त्योहार नहीं रह गया है. विदेशों में भी छठ महापर्व का डंका बज रहा है.

झारखंड -बिहार कौन कहे विदेशों में भी बज रहा छठी मईया का  डंका, अमेरिकी से ऑस्ट्रेलिया तक गूंज रहे हैं गीत

धनबाद (DHANABD): छठ महापर्व अब बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश का ही त्योहार नहीं रह गया है. विदेशों में भी छठ महापर्व का डंका बज रहा है. ऑस्ट्रेलिया हो या अमेरिका, हर जगह बिहार और झारखंड के लोग पूरे उत्साह, श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ महापर्व मना रहे हैं. किन्हीं कारणों से विदेशों में रह रहे कई परिवार चाहकर भी इस पावन अवसर पर अपने देस   नहीं लौट पाएं. ऐसे में वे जहां रहते हैं, वहीं छठी मईया  की आराधना कर पारंपरिक तरीकों से पूजा कर रहे है.

Image

अमेरिका ,आस्ट्रेलिया में भी बज रहा डंका 

अमेरिका के नेवाडा राज्य स्थित लास वेगास, न्यू जर्सी और ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में भी छठ महापर्व की रौनक देखने को मिल रही है. हजारों किलोमीटर की दूरी के बावजूद इन शहरों में रह रहे भारतीय परिवारों के लिए छठ केवल एक पूजा नहीं, बल्कि यह एक महा पर्व है. विदेशों में भी लोग उसी श्रद्धा के साथ नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी कर रहे हैं, जैसे उनके गांव और शहरों में होता  है.

Image

देस नहीं आने वाले विदेश में कर रहे पूजा ,भेज रहे तस्वीर 

लास वेगास में रह रहे झारखंड के धनबाद निवासी एक परिवार से 'द न्यूज पोस्ट' ने बातचीत की. परिवार के सदस्य चंदन कुमार ने बताया कि कुछ कारणों से इस बार वे छठ महापर्व के अवसर पर अपने घर धनबाद नहीं लौट पाए. घर और परिवार से दूर रहने का मायूसी जरूर है, लेकिन छठी मैया के प्रति आस्था और वर्षों से चली आ रही पारिवारिक परंपरा को बनाए रखने के लिए उन्होंने लास वेगास में ही छठ मनाने का निर्णय लिया है.

विदेशों में भी छठी मईया के प्रति आस्था में कोई कमी नहीं 

चंदन कुमार ने बताया कि विदेश में रहने के बावजूद वे छठ महापर्व को पूरी पारंपरिक विधि-विधान से मना रहे हैं. पूजा की तैयारियां की गई हैं और परिवार के सदस्य मिलकर सभी अनुष्ठान कर रहे हैं. उनके लिए यह पर्व अपनी संस्कृति और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का भी अवसर है. उनका कहना है कि जगह भले ही बदल गया  हो, लेकिन छठी मईया  के प्रति आस्था और पूजा की भावना में कोई बदलाव नहीं आया है. 

Image

तमाम दावों के बावजूद तालाबों पर नहीं जम  रहा भरोसा 

इधर, धनबाद में भी छठ महापर्व को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. नगर निगम और जिला प्रशासन की ओर से शहर के प्रमुख तालाबों और घाटों की सफाई को लेकर अभियान चलाया जा रहा है. इसके बावजूद कई जगहों पर सफाई और पानी की स्थिति को लेकर श्रद्धालुओं के मन में संशय बना हुआ है. दावों के बावजूद  लोगों का भरोसा अभी पूरी तरह तालाबों पर नहीं जम पा रहा है. यही वजह है कि इस बार बड़ी संख्या में लोग अपने घरों के सामने, आंगन और छत पर ही प्लास्टिक के बड़े बड़े  टब से छठ पूजा करने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि उसमें पानी भरकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जा सके. 

कृत्रिम तालाबों  का भी धनबाद में बढ़ा है प्रचलन 

खास बात यह है कि इन कृत्रिम तालाबों को भी लोग पारंपरिक छठ घाट की तरह सजा रहे हैं. आसपास साफ-सफाई, केले के पत्ते, फूलों से सजावट की जा रही है. घरों की छतों पर भी पूजा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि परिवार के सदस्य एक साथ पर्व मना सकें.धनबाद के हीरापुर स्थित झारखंड मैदान में भी इस बार कृत्रिम तालाब बनाए जा रहे हैं. यहां श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्थायी जलकुंड तैयार किए जा रहे हैं, जिससे लोग सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से भगवान भास्कर को अर्घ्य दे सकें.

रिपोर्ट -प्रकाश महतो