बरवाअड्डा थाना विवाद: अग्रिम जमानत के बाद जयराम महतो ने कोर्ट में किया सरेंडर, बेल बॉन्ड दाखिल
विधायक जयराम महतो ने बरवाअड्डा थाना विवाद के मामले में अग्रिम जमानत मिलने के बाद धनबाद के एमपी- एमएलए कोर्ट की विशेष न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में आत्मसमर्पण कर बेल बॉन्ड दाखिल किया है
धनबाद(DHANBAD) | विधायक जयराम महतो ने बरवाअड्डा थाना विवाद के मामले में अग्रिम जमानत मिलने के बाद धनबाद के एमपी- एमएलए कोर्ट की विशेष न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में आत्मसमर्पण कर बेल बॉन्ड दाखिल किया है. यह सब बुधवार को हुआ है. जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत से उन्हें सशर्त अग्रिम जमानत मिली थी. अग्रिम जमानत के आदेश के अनुपालन के लिए उन्होंने सरेंडर किया. अदालत ने बेल बॉन्ड स्वीकार कर उन्हें जमानत पर मुक्त करने का निर्देश दिया।
अग्रिम जमानत आदेश के अनुसार विधायक जयराम महतो समेत चार आरोपियों को 20-20 हजार के जमानत बांड और इतनी ही राशि के दो जमानतदार पेश करने थे. अदालत ने आदेश में लगाई गई अतिरिक्त शर्तों के पालन करने का भी निर्देश दिया था. अदालत के निर्देश पर जयराम महतो सहित अन्य ने अग्रिम जमानत की शर्तों को अलग-अलग बंध पत्र के साथ दाखिल किया है.
दाखिल बेल बॉन्ड में कहा गया है कि वह जांच में सहयोग करेंगे, पुलिस की ओर से पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर मौजूद होंगे, वह मामले के तथ्यों से परिचित किसी व्यक्ति को धमकी, प्रलोभन नहीं देंगें। अदालत या पुलिस के समक्ष जानकारी देने से नहीं रोकेंगे, अदालत की अनुमति के बिना वह भारत से बाहर नहीं जाएंगे, आरोप तय होने तक वह हर तारीख पर व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होंगे, मुकदमे की अवधि में अदालत की अनुमति के बिना मोबाइल नंबर नहीं बदलेंगें। बता दें कि अदालत ने उन्हें निम्न शर्तों पर जयराम महतो सहित अन्य को अग्रिम जमानत दी थी----
(1) The petitioners shall not disturb, threaten or in any manner whatsoever cause any inconvenience to the informant or his family members.
(2) One of the bailors shall be the present pairvikar of the concerned petitioners. The other bailor shall be a close relative of the concerned petitioners.
(3) The petitioners shall attend the learned Court below on each and every date physically till framing of charge. In case of any single default, the learned Court below shall be at liberty to cancel the bail bond furnished by the concerned petitioner.
(4) Each petitioner shall deposit a self-attested copy of his Aadhaar Card along with his mobile number before the learned Court below and shall not change the said mobile number during the pendency of the case without prior permission of the Court.
(5) The petitioners shall fully cooperate with the proceedings before the learned Court below.
उल्लेखनीय है कि 22 अगस्त को एक मामले के आरोपी गणेश दास को हिरासत में लेकर बरवाअड्डा थाना लाया गया था. आरोप है कि इसके खिलाफ जयराम महतो ने बरवाअड्डा थाना प्रभारी को व्हाट्सएप ऑडियो कॉल पर अपशब्द कहा. फिर रात में समर्थकों के साथ थाना पहुंच गए. पुलिस का आरोप है कि थाना परिसर में पुलिसकर्मियों से उन्होंने समर्थकों के साथ मिलकर दुर्व्यवहार किया। आरोपी गणेश दास को छुड़ाने का प्रयास किया गया. इस मामले में थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. विधायक जयराम महतो पर दो मुकदमे हुए हैं. एक मुकदमा मुखिया के पुत्र की शिकायत पर दर्ज हुआ है, जबकि दूसरा मुकदमा थाना प्रभारी के बयान पर दर्ज हुआ है. जयराम महतो ने भी मुखिया पुत्र पर मामला दर्ज कराया है.